भोपाल: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 10 नवंबर को कबीर प्रगटोत्सव में शामिल होने के लिये भोपाल आयेगें। देश का राष्ट्रपति बनने के बाद कोविंद की यह पहली मध्यप्रदेश यात्रा है। एक अधिकारी ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति कोविंद के भोपाल प्रवास कार्यक्रमों के स्वरूप और रूपरेखा की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में प्रदेश के मुख्य सचिव बी. पी. सिंह, पुलिस महानिदेशक आर। के। शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। चौहान ने कहा कि राष्ट्रपति के भोपाल प्रवास के दौरान गरिमापूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये और उनके स्वागत सत्कार की व्यवस्था भव्य एवं व्यवस्थित हो। अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति कोविंद 10 नवम्बर को पहली बार प्रदेश आ रहे हैं।
कबीर प्रगटोत्सव कार्यक्रम का आयोजन भोपाल के लाल परेड मैदान में किया जायेगा। कार्यक्रम में कबीरपंथी संत और समाज के अन्य तबकों के सदस्य शामिल होंगे। इस अवसर पर पद्मश्री प्रहलाद टिपाणिया का गायन होगा। राष्ट्रपति कोविंद समारोह में संस्कृति विभाग द्वारा प्रकाशित मध्यप्रदेश कबीर पुस्तक का विमोचन करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रपति प्रदेश की छह कबीर मण्डलियों को कार्यक्रम में सम्मानित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



