राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को संविधान निर्माता डॉ. भीम राव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के अलावा बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह, बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती समेत कई गणमान्य लोगों ने बाबासाहेब को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति कोविंद ने आज यहां बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर संसद भवन परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘डॉ बी.आर. आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि। वे राष्ट्र के प्रतीक-पुरुष व संविधान शिल्पी थे। वे जातिगत एवं अन्य पूवाग्रहों से मुक्त भारत के निर्माण के लिए आजीवन संघर्षरत रहे। वे एक ऐसा समाज चाहते थे जहाँ महिलाओं व कमजोर वर्गों को समान अधिकार प्राप्त हों।’’
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘संविधान निर्माता और सामाजिक न्याय के प्रणेता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनकी जयंती पर सादर नमन, जय भीम,’’ बीजेपी अध्यक्ष ने ट्वीटर पर लिखा, ‘‘बाबासाहेब आंबेडकर जी के विचार और उनका व्यक्तित्व हम सबके लिए एक प्रेरणास्त्रोत हैं। उन्होंने जीवन पर्यन्त सामाजिक अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया और उनका यह संघर्ष सामाजिक समरसता के लिए था। बाबासाहेब ने एक सर्वसमावेशी संविधान दिया जिससे हर वर्ग का कल्याण सम्भव हो, उनको कोटि-कोटि नमन।’’
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी डॉ आंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘‘परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयन्ती पर श्रद्धा-सुमन अर्पित। देशवासियों व देश-दुनिया में फैले उनके करोड़ अनुयाइयों को हार्दिक बधाई व शुभकामनायें एवं उनके आत्म-सम्मान व स्वाभिमान के मानवतावादी मूवमेन्ट के अधूरे कारवाँ को वोटों की शक्ति से मंजिल तक पहुंचाने का संकल्प।’’
भारत के संविधान निर्माता, चिंतक, समाज सुधारक डॉ. आंबेडकरका जन्म मध्य प्रदेश के महू में 14 अप्रैल 1891 को हुआ था। उनके पिता का नाम रामजी मालोजी सकपाल और माता का नाम भीमाबाई था।


Download Android App
Download iOS App







