कांग्रेस पार्टी में अप्रत्याशित रूप से बड़े फेरबदल को लेकर कई दिनों से चर्चा चल रही है। बदलाव को लेकर पार्टी अब दो खेमों में बांटती नजर आ रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कुछ कांग्रेसी नेताओं के गांधी परिवार नेतृत्व को कथित तौर पर चुनौती देने का विरोध करते हुए आज कहा कि इस तरह का मुद्दा उठाने का यह सही समय नहीं है।
कैप्टन अमरिंदर ने बयान जारी करते हुए कहा कि देश के संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों को नष्ट करने में लगे बीजेपी नीत एनडीए के खिलाफ एक मजबूत विपक्ष की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एनडीए की सफलता मजबूत व एकजुट विपक्ष के अभाव में है और ऐसे नाजुक समय में कांग्रेस के कुछ नेताओं की संगठन में परिवर्तन की मांग न सिर्फ पार्टी बल्कि देश के हितों के खिलाफ भी होगी।
उन्होंने कहा कि देश इस समय न सिर्फ सीमा पार बाहरी खतरों का सामना कर रहा है बल्कि अंदर इसका संघीय ढांचा भी खतरे में है और केवल एकजुट कांग्रेस ही देश को व इसके लोगों को बचा सकती है। नेतृत्व परिवर्तन की मांग को अस्वीकार्य करार देते हुए कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि गांधी परिवार को अंग्रेजी शासन से आजादी लेने से लेकर आजादी के बाद देश की प्रगति में योगदान है।
सलमान खुर्शीद बोले-राहुल को पूर्ण समर्थन, अध्यक्ष रहने-न रहने से फर्क नहीं पड़ता
उन्होंने कहा कि समूची पार्टी को कांग्रेस के नेतृत्व को स्वीकार करना होगा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को, जब तक वह चाहें, कांग्रेस अध्यक्ष बने रहने देना चाहिए और उसके बाद राहुल गांधी को कमान संभालनी चाहिए क्योंकि वह ऐसा करने में पूरी तरह सक्षम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में एक भी ऐसा गांव नहीं होगा जहां कोई कांग्रेस सदस्य पार्टी की संवैधानिक सिद्धांतों, अधिकारों और स्वतंत्रता की विचारधारा को आगे बढ़ने को तैयार न हो और इसके लिए श्रेय गांधी परिवार को ही जाता है जिनके निस्वार्थ समर्पण और अकल्पनीय त्यागों के बिना पार्टी देश को जाति व धर्म के आधार पर बांटने की बीजेपी और उसकी संघी महत्वकांक्षाओं के रास्ते में चट्टान की तरह न खड़े होती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावी हार जीत नेतृत्व परिवर्तन का आधार नहीं होनी चाहिए। कैप्टन ने चेतावनी दी कि पार्टी को अस्थिर करने की कोई भी कोशिश तानाशाही ताकतों को लाभ पहुंचाएंगी। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर सामूहिक नेतृत्व की मांग की है, वहीं एक दूसरे वर्ग ने राहुल गांधी की पार्टी अध्यक्ष के रूप में वापसी की पुरजोर वकालत की है।


Download Android App
Download iOS App



