पटियाला, 18 मई (आईएएनएस)। काउंटर इंटेलिजेंस पटियाला (सीआई यूनिट मलेरकोटला) ने जाली करेंसी मॉड्यूल में शामिल चार व्यक्तियों को 5.50 लाख रुपए की नकली करेंसी सहित गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह कदम पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाई गई मुहिम के दौरान नकली भारतीय करेंसी नोटों (एफआईसीएन) के प्रचलन को करारा झटका देने के क्रम में उठाया गया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान मलेरकोटला के झुनीर गांव निवासी नाजर खान, संगरूर के धूरी निवासी राज मोहम्मद, हरियाणा के जींद निवासी मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह, और मलेरकोटला निवासी आसिफ अली के रूप में हुई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि बरामद की गई नकली भारतीय करेंसी में सभी 500 रुपए के नोट हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किया गया राज मोहम्मद आपराधिक पृष्ठभूमि वाला आरोपी है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट से संबंधित एक एफआईआर दर्ज है।
डीजीपी ने कहा कि इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।
इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एआईजी सीआई पटियाला डॉ. सिमरत कौर ने बताया कि सीआई यूनिट मलेरकोटला की टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों—नाजर खान और राज मोहम्मद—को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 4 लाख रुपए के नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि आगे की जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों—मुख्तियार सिंह उर्फ गुरजीत सिंह और आसिफ अली—को भी गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 1.5 लाख रुपए के अन्य नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद किए गए।
एआईजी ने कहा कि आगे की जांच के दौरान आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां एवं बरामदगियां होने की संभावना है।
इस संबंध में एफआईआर नंबर 159 दिनांक 17.05.2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 179 और 180 के तहत मलेरकोटला के थाना अमरगढ़ में दर्ज की गई है।
–आईएएनएस
एमएस/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



