शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया सोमवार को मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में पूछताछ के लिए पटियाला जिले में पंजाब पुलिस की एक विशेष जांच टीम (SIT) के सामने पेश हुए।
HIGHLIGHTS
- मजीठिया ने सरकार पर राजनीति करने का लगाया आरोप
- अकाली नेता बोले- कानून पर पूरा भरोसा है
- पांच महीने से अधिक समय तक काट चुके हैं जेल की सजा
मजीठिया सुबह करीब पौने बारह बजे अपने सलाहकारों के साथ SIT के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यालय के आसपास सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी। SIT का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (पटियाला रेंज) मुखविंदर सिंह छीना कर रहे हैं। पटियाला में SIT कार्यालय पहुंचने से पहले मजीठिया ने कहा कि वह कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं और उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है।
मजीठिया ने सरकार पर लगाया आरोप
अकाली नेता ने आम आदमी पार्टी नीत राज्य सरकार पर मादक पदार्थ के मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया और दावा किया कि SIT ने उन्हें इसलिए बुलाया है, क्योंकि वह मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ बोल रहे थे। मजीठिया पर चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान 20 दिसंबर, 2021 को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह कार्रवाई मादक पदार्थ रोधी टास्क फोर्स की 2018 की रिपोर्ट के आधार पर की गई।
इस मामले को लेकर राज्य अपराध शाखा ने मोहाली पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की थी। पिछले साल अगस्त में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा मादक पदार्थ मामले में जमानत दिए जाने के बाद मजीठिया पटियाला जेल से बाहर आए थे। उन्हें पांच महीने से अधिक समय तक जेल की सजा काटने के बाद रिहा कर दिया गया था।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



