चंडीगढ़, 23 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस को हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पंजाब के डीजीपी के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर इस कार्रवाई की जानकारी साझा की गई है। पोस्ट में बताया गया कि टीम ने आरोपियों के पास से 10 आधुनिक पिस्तौल, मैगजीन और 10 जिंदा 9एमएम कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पकड़े गए दोनों आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे और सीमा पार से हथियारों की अवैध खेप मंगवाकर पंजाब में अलग-अलग लोगों तक सप्लाई करने का काम कर रहे थे। यह नेटवर्क पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए हथियार भेजने और फिर उसे राज्य के भीतर फैलाने वाले बड़े मॉड्यूल का हिस्सा बताया जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) पुलिस स्टेशन, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस सप्लाई चेन के आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाल रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों की पहचान की जा सके और सीमा पार तस्करी के पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।
पंजाब पुलिस ने कहा कि वह अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने और पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
बता दें कि पिछले कुछ महीनों में पंजाब में सीमा पार से हथियार और नशे की तस्करी की घटनाएं बढ़ी हैं। बीएसएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार सीमावर्ती इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हाल ही में कई मामलों में ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों और हेरोइन की खेप बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विदेश में बैठे हैंडलर पंजाब के युवाओं को लालच देकर इस अवैध धंधे में शामिल करते हैं। बरामद की गई आधुनिक पिस्तौलें गैंगस्टर गतिविधियों और टारगेट किलिंग में इस्तेमाल होने की आशंका है, इसलिए इस नेटवर्क का भंडाफोड़ होना सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
–आईएएनएस
एससीएच/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



