चंडीगढ़, 10 मई (आईएएनएस)। पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के घर शनिवार को ईडी की छापेमारी को पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने सही बताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार झूठी जानकारी लोगों को देकर माहौल खराब करना चाहती है।
पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जो लोग खुद को बेहद ईमानदार बताते हैं और देश में भ्रष्टाचार-विरोधी योजना लाने की बात करते हैं, उनका भ्रष्ट चेहरा अब बेनकाब हो गया है।”
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान शराब की डिलीवरी की गई और इसमें भ्रष्टाचार किया गया। जब पंजाब में लुधियाना, मोहाली और खरड़ जैसे शहरों में करोड़ों और अरबों के जमीन घोटाले हुए, तो उन्हें भी ऐसी जांचों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
अश्वनी शर्मा ने कहा, “पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। न तो पंजाब खतरे में है, न लोकतंत्र और न ही संविधान खतरे में है। खतरे में सिर्फ आम आदमी पार्टी के के भ्रष्ट नेता हैं। उनके मंत्री संजीव अरोड़ा को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में कई छापों के बाद गिरफ़्तार किया था। आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शनों में गुंडागर्दी झलकती है, जबकि पुलिस चुप रहती है। लुधियाना और बलाचौर में हुई घटनाओं में हमारे दफ्तरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिशें की गईं। वे लोकतंत्र की बातें करते हैं, लेकिन उनके काम इसके विपरीत होते हैं। भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए चुनी गई एक पार्टी अब भ्रष्टाचार के दाग वाले नेताओं का बचाव कर रही है।”
पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “हम अभी स्थिति का जायजा ले रहे हैं और यह देख रहे हैं कि कहां और क्या हुआ है। लुधियाना में भी एक झड़प हुई, जिसमें हमारे एक कार्यकर्ता को मामूली चोटें आईं। हालाँकि, हम इन घटनाओं का जवाब राजनीतिक तौर पर देंगे और उचित जवाब देंगे। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर, आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार को रोकने का दावा करते हुए सड़कों पर उतर आई है। इससे ही पता चलता है कि सरकार लोगों का भरोसा पहले ही खो चुकी थी, और अब उन्होंने ईमानदारी का जो नकाब ओढ़ रखा था, वह पूरी तरह से उतर गया है। पंजाब इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।”
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



