राहुल गांधी बहस के लिए संसद आएं, सड़कों पर बहस का कोई मतलब नहीं : आनंद दुबे

Summary :

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से दी गई बहस की चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री की टिप्पणी को व्यक्तिगत रूप से नहीं लेना चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया था। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी बहस करना चाहते हैं तो उन्हें संसद के सत्र के दौरान सदन में आकर चर्चा करनी चाहिए। शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने आईएएनएस से…

मुंबई, 10 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से दी गई बहस की चुनौती पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री की टिप्पणी को व्यक्तिगत रूप से नहीं लेना चाहिए क्योंकि प्रधानमंत्री ने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया था। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी बहस करना चाहते हैं तो उन्हें संसद के सत्र के दौरान सदन में आकर चर्चा करनी चाहिए।

शिवसेना के प्रवक्ता आनंद दुबे ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “राहुल गांधी इसे व्यक्तिगत रूप से क्यों ले रहे हैं? प्रधानमंत्री ने उनका नाम तक नहीं लिया। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। इसके बावजूद राहुल गांधी बार-बार कह रहे हैं कि उन्हें और उनकी पार्टी को ‘नक्सली’ कहा गया है। राहुल आप समझदार हैं और देश में विपक्ष के नेता हैं। फिर आप इस बात को खुद पर क्यों ले रहे हैं?”

उन्होंने कहा कि ‘शहरी नक्सली’ शब्द उन लोगों की मानसिकता के संदर्भ में इस्तेमाल किया जाता है, जिनकी विचारधारा ऐसी होती है। बहस की चुनौती पर दुबे ने कहा कि संसद का गठन चर्चा और बहस के लिए किया गया है, जबकि सड़कें विरोध-प्रदर्शन के लिए होती हैं। ऐसे में राहुल गांधी को संसद का सत्र शुरू होने पर सदन में आकर बहस करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी इतनी छोटी-सी बात भी नहीं समझ पा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच हुई फोन पर बातचीत पर भी आनंद दुबे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से शांति का पक्षधर रहा है और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त कराने के लिए मध्यस्थता की भूमिका निभाना चाहता है।

दुबे ने कहा कि दोनों देशों के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए विभिन्न मुद्दों और दृष्टिकोणों पर बातचीत हो रही है। इसमें खाद्य आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विषय भी शामिल हैं। यदि बातचीत के जरिए कोई सहमति या समझौता होता है और भारत की मध्यस्थता से युद्ध समाप्त हो जाता है, तो यह पूरी दुनिया के लिए फायदेमंद स्थिति होगी।

उन्होंने कहा, “युद्ध से कभी किसी का भला नहीं हुआ है। हमारा देश शुरू से ही भगवान बुद्ध की भूमि रहा है, युद्ध की नहीं। आज पूरी दुनिया युद्ध की चपेट में है, जबकि भारत में लोग होली और दिवाली जैसे त्योहार मना रहे हैं। भारत हमेशा शांति और सद्भाव का संदेश देता आया है।”

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आनंद दुबे ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है, लेकिन वहां लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत लगातार चुनाव हो रहे हैं। राजस्थान में भी हर पांच साल में सत्ता परिवर्तन होता रहा है, जहां कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस को जीत मिलती है।

दुबे ने कहा कि गहलोत को चुनावी प्रक्रिया को लेकर इतनी बेचैनी दिखाने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस का जनाधार लगातार कम हो रहा है और पार्टी चुनाव जीतने में संघर्ष कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस को कई चुनावी हार का सामना करना पड़ा है और पार्टी के नेता हार के रिकॉर्ड बना रहे हैं।

आनंद दुबे ने अशोक गहलोत पर तंज कसते हुए कहा, “गहलोत, आप बहुत वरिष्ठ नेता हैं और कभी जादूगर भी रह चुके हैं। थोड़ा पानी पीजिए, गहरी सांस लीजिए और योग कीजिए। कोई जादू ही दिखा दीजिए, ताकि कांग्रेस चुनाव जीत सके।”

–आईएएनएस

एसएके/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.