नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पुणे में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने राजनीतिक स्टंट बताया। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ अपनी राजनीति को चमकाने के लिए ऐसा कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके बर्ताव को अच्छे से जानती है, इसीलिए चुनावों में कांग्रेस का बुरा हाल होता है।
नई दिल्ली में भाजपा सांसद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जहां तक राहुल गांधी के कार्यक्रम की बात है, तो वे इसे कोई भी नाम दें, जनता जानती है कि वे सिर्फ राजनीति चमकाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया है। कांग्रेस सांसद, जो ये कार्यक्रम कर रहे हैं, ये पहले क्यों नहीं किए गए? जहां पर कांग्रेस की सरकार है, वहां के मुख्यमंत्री क्यों नहीं कर रहे हैं? कुल मिलाकर देखें तो ये उनका एक राजनीतिक स्टंट से अधिक कुछ नहीं दिखाई पड़ता है। राहुल गांधी को लगता है कि जब प्रधानमंत्री युवाओं से बात करते हैं, तो उन्हें भी बात करनी चाहिए। प्रश्न यह उठता है कि आज से पहले राहुल गांधी कहां थे? वे संवाद से अधिक नाटक करते हैं, इससे ज्यादा कुछ नहीं करते हैं।
वंदे मातरम के सम्मान में भाजपा द्वारा पारित किए गए प्रस्ताव पर प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि वंदे मातरम् हमारे राष्ट्र की आत्मा और प्राण है। ऐसे में वंदे मातरम् का पूरा गायन हर भारतीय को गौरवान्वित करता है। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने जो प्रस्ताव पारित किया है, वह यही ध्वनि है कि वंदे मातरम् का पूरा सम्मान देश में होना चाहिए। संसद में उसके लिए अब कानून भी पारित हो गया है। कुछ लोग अपनी राजनीति के कारण वंदे मातरम् पर विवाद खड़ा करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा राष्ट्र धर्म के खिलाफ ही काम किया।
उन्होंने भाजपा द्वारा जेन-जी आउटरीच के लिए खास टीम बनाए जाने पर कहा कि यह कोई नया कदम नहीं है। हम सबको याद रखना होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में सबसे पहले इस बात को कहा था कि भारत युवाओं का देश है और उसके बाद से प्रधानमंत्री लगातार युवाओं के साथ संवाद करते आ रहे हैं। जब परीक्षाएं होती हैं तो छात्रों के साथ प्रधानमंत्री का संवाद होता है। भाजपा संगठन में युवा मोर्चा बना हुआ है। यह कोई नई पहल नहीं है। यह उसी क्रम का अगला हिस्सा है, जिसमें युवाओं और छात्रों से संवाद करके उनके मन की बात को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। हम सभी जानते हैं कि युवा ही भारत का भविष्य है।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



