70वें गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह में परेड के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बीच बातचीत होते देखी गई। गडकरी हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के लिए शीर्ष नेतृत्व को जिम्मेदारी लेने के लिए कई बार कह चुके हैं।
गणतंत्र दिवस परेड के दौरान गडकरी और गांधी को अगली पंक्ति में बैठे बात करते और मुस्कराते हुए देखा गया। संयोगवश, पिछले गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान राहुल गांधी की सीट छठी पंक्ति में होने पर विवाद उत्पन्न हो गया था। तब कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी पर घटिया राजनीति का आरोप लगाया था।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के बाद पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ने यह बयान देकर विवाद उत्पन्न कर दिया था कि पार्टी के नेतृत्व को हार और असफलताओं को स्वीकार करना चाहिए। जहां उन्होंने इस बयान की गलत व्याख्या करने और गलत तरीके से लिखने का दावा किया, कई लोगों ने ये बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के लिए माना।
इसके बाद मोदी के स्थान पर गडकरी को लाने की मांग होने लगी। महाराष्ट्र के प्रमुख किसान नेता किशोर तिवारी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को पत्र लिखकर मोदी के स्थान पर गडकरी को लाने की मांग की वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता संघप्रिय गौतम भी जनवरी में ही गडकरी को उप प्रधानमंत्री बनाने की मांग कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App




