कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज यानि शुक्रवार को ओडिशा के कोरापुट आयेंगे और जयपुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। जयपुर से कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बाहिनीपाती ने बताया कि रैली को संबोधित करने से पहले गांधी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सिबसाई कल्याण मंडल में महिलाओं से बातचीत करेंगे।
बाहिनीपाती ने बताया कि गांधी के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्मयंत्री भूपेश बघेल भी होंगे। ओड़िशा के पार्टी मामलों के प्रभारी जितेंद्र सिंह, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव, ओड़िशा कांग्रेस अध्यक्ष निरंजन पटनायक और विपक्ष के नेता नरसिंह मिश्रा भी कांग्रेस अध्यक्ष के कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
इस बीच पुलिस सूत्रों ने बताया कि कोरापुट के जयपुर में गांधी की यात्रा के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शुक्रवार की गांधी की यात्रा दो महीने में ओड़िशा की तीसरी यात्रा होगी। गांधी ने 24 जनवरी को भुवनेश्वर के समीप टोमांडो में एक जनसभा को संबोधित किया था। छह फरवरी को उन्होंने कालाहांडी जिले के भवानीपाटना और सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला में बड़ी जनसभाएं की थीं। ओडिशा में इस साल लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी एक साथ होने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



