राहुल का केंद्र पर वार- क्रिमिनल वेस्टेज है सेंट्रल विस्टा, अपने अंधे अहंकार की बजाए लोगों को बचाने पर दें ध्यान

Summary :

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “सेंट्रल विस्टा क्रिमिनल वेस्टेज है। लोगों को बचाने पर ध्यान दीजिए ना की एक नया घर पाने के लिए अपने अंधे अहंकार पर।”

देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर पीक पर है। हर दिन संक्रमितों के रिकॉर्ड तोड़ आंकड़े आ रहे हैं। वहीं सरकार द्वारा नए संसद भवन का निर्माण कार्य (सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट) को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र पर हमलवार हैं। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को मोदी सरकार पर इस प्रोजेक्ट को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि इस वक्त लोगों को बचाने पर ध्यान देने की जरूरत है ना की अपने घमंड पर।

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “सेंट्रल विस्टा क्रिमिनल वेस्टेज है। लोगों को बचाने पर ध्यान दीजिए ना की एक नया घर पाने के लिए अपने अंधे अहंकार पर।” इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सरकार को सेंट्रल विस्टा परियोजना समेत सभी फिजूल खर्चों को बंद कर कोरोना महामारी से निपटने पर ध्यान देना चाहिए तथा विदेशी सहायता के वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘स्थिति बहुत भयावह है। कोरोना के आज 4.12 लाख से अधिक मामले आए हैं और करीब चार हजार लोगों की मौत हो गई है। लगता है कि स्थिति से बद से बदतर है। यह सरकार धृतराष्ट्र बन गई है। सरकार सबकुछ देखकर भी अनदेखा कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चौंकाने वाली बात है कि इस हालत में भी केंद्र सरकार की प्राथमिकता 13,450 करोड़ रुपये का सेंट्रल विस्टा और प्रधानमंत्री के लिए नया बंग्ला बनाना है। भला कोई सरकार इतनी निष्ठुर कैसे हो सकती है? जब हमारे प्रधानमंत्री की यह हालत है तो फिर उनके नीचे के अधिकारियों का वही रुख होगा।’’

Desk Team