राजस्थान : जालोर में 95 फीट गहरे बोरवेल से रेस्क्यू कर निकाला गया 4 साल का बच्चा

Summary :

प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बोरवेल से बाहर निकाल लिया।देर रात 2:30 बजे ऑपरेशनल रेस्क्यू टीम को इसमें सफलता मिली जिसके बाद बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया।

राजस्थान के जालोर में चार साल का बच्चा 95 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। लगभग 18 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑप्रेशन के बाद बच्चे को सही सलामत बचा लिया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बोरवेल से बाहर निकाल लिया।
देर रात 2:30 बजे ऑपरेशनल रेस्क्यू टीम को इसमें सफलता मिली जिसके बाद बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया। बच्चे की पहचान 4 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है। अनिल गुरुवार को खेलते हुए 95 फीट की गहराई तक खोदे गए एक बोरवेल में जा गिरा।  सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू करवाया। 
एसडीआरएफ की टीम के साथ गुजरात से एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय एक्सपर्ट ने 18 घटे के अथक प्रयासों से इसमे सफलता हासिल की। अनिल को बोरवेल में गिरते हुए पास के ही एक व्यक्ति ने देख लिया था, इस कारण तत्काल प्रभाव से रेस्क्यू शुरू किया गया। 
रेस्क्यू अभियान के दौरान बोरवेल में कैमरा लगाकर बच्चे की हलचल पर पूरी तरह से नजरें रखी गई। इसके साथ ही प्रशासन ने एक ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की और एक नली के माध्यम से बोरवेल में ऑक्सीजन छोड़ना शुरू कराया। ताकि बच्चे को सांस लेने में कोई तकलीफ न हो। बच्चे के बाहर आते ही परिजनों ने पुलिस, प्रशासन के साथ स्थानीय निवासियों एवं राजस्थान गुजरात की टीमों का धन्यवाद दिया है।

Desk Team