टीका रणनीति और महामारी से निपटने के मुद्दे पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार पर प्राय: हमला किया जाता रहा है। इस बीच राहुल ने रविवार को केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दी?
राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दी? अब मुझे भी गिरफ्तार करो।” राहुल गांधी ने शनिवार को राष्ट्रीय टीका रणनीति का आह्वान किया और दावा किया कि सरकार की ‘‘अनर्थकारी’’ टीकाकरण नीति देश में महामारी की ‘‘तीसरी विनाशकारी लहर’’ सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संदिग्ध कोरोना मरीजों के शव बहते पाए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘‘मां गंगा को रुलाया’’ है। गांधी ने ट्विटर पर कहा, ‘‘भारत सरकार की अनर्थकारी टीका रणनीति विनाशकारी तीसरी लहर सुनिश्चित करेगी…भारत को उचित टीका रणनीति की आवश्यकता है।’’ उन्होंने मीडिया में आईं उन खबरों को टैग किया जिनमें दावा किया गया है कि गंगा के किनारे 1,140 किलोमीटर क्षेत्र में 2,000 से अधिक शव पाए गए हैं।
बता दें कि भारत में 25 दिनों के बाद एक दिन में कोविड-19 के सबसे कम 3.11 लाख मामले आए जबकि 4,077 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 2,70,284 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, एक दिन में 3,11,170 मरीज संक्रमित पाए गए हैं, जिससे देश में संक्रमण के कुल मामले 2,46,84,077 पर पहुंच गए।


Download Android App
Download iOS App



