राहुल का सवाल- दुनिया में कोरोना टीकाकरण शुरू, भारत का नंबर कब आएगा मोदी जी ?

Summary :

राहुल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ दुनिया में अब तक 23 लाख लोगों को कोविड का टीका लग चुका है। चीन, अमेरिका, ब्रिटेन, रूस में यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मोदी जी, बताएं भारत का नंबर कब आएगा।’’

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि दुनिया के कई देशों में कोविड महामारी का कहर रोकने के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हो चुका है और अब तक लाखों लोगो को यह टीका लग चुका है लेकिन हमारे यहां इस बारे में कोई कदम नहीं उठाया गया है। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा सवाल किया कि दुनिया में अब तक 23 लाख लोगों को यह टीका लग चुका है इसलिए वह (पीएम मोदी) बताएं कि भारत में कोविड के खिलाफ टीकाकरण कब शुरू किया जाएगा।

राहुल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ दुनिया में अब तक 23 लाख लोगों को कोविड का टीका लग चुका है। चीन, अमेरिका, ब्रिटेन, रूस में यह प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मोदी जी, बताएं भारत का नंबर कब आएगा।’’ इसके साथ ही उन्होंने एक ग्राफ भी पोस्ट किया है जिसमें बताया गया है कि चीन में अब तक सबसे ज्याaदा लोगों का टीकाकरण हुआ है। दूसरे स्थान पर अमेरिका तथा ब्रिटेन के बाद चौथे स्थान पर रूस है।

बता दें कि जुलाई महीने के बाद से सबसे कम मामले सामने आने के एक दिन बाद बुधवार को भारत में 23,950 नए मामले दर्ज किए गए। इसके बाद देश में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,00,99,066 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने कहा कि देश में पिछले 24 घंटों में 333 मौतें दर्ज हुईं हैं। इसके बाद कोरोना के कारण होने वाली मौतों की संख्या बढ़कर 1,46,444 हो गई है। इसी अवधि में 26,895 लोग बीमारी से उबरे। अब तक 96,63,382 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं और अभी देश में कोरोना के 2,89,240 सक्रिय मामले हैं। देश में रिकवरी दर 95.65 प्रतिशत और मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है।

कृषि मंत्री तोमर बोले- कई किसान यूनियनों ने बिना बदलाव कृषि कानूनों का किया समर्थन

Desk Team