चीन के साथ सीमा विवाद में अपनी छवि बचाने का प्रयास कर रहे हैं PM मोदी : राहुल गांधी

Summary :

कांग्रेस नेता ने कहा, “चीनी एक खास तरीके से प्रधानमंत्री पर दबाव बनाने के बारे में सोच रहे हैं। वे उनकी छवि पर हमला कर रहे हैं।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध की पृष्ठभूमि में सोमवार को दावा किया कि बीजिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दबाव बनाने के लिए उनकी ‘56 इंच वाली छवि’ पर हमला कर रहा है और प्रधानमंत्री भी दबाव में आकर अपनी छवि बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने यह सवाल भी किया कि क्या प्रधानमंत्री मोदी स्पष्ट करेंगे कि उन्हें अपनी छवि की चिंता नहीं है और वह चीनी चुनौती को स्वीकार करते हैं? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सत्ता में आने के लिए अपनी नकली मजबूत छवि गढ़ी जो उनके लिए सबसे बड़ी ताकत थी लेकिन अब वह छवि भारत की सबसे बड़ी कमजोरी बन गयी है।

चीन के साथ सीमा विवाद साधारण नहीं
राहुल गांधी ने चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर जारी अपने वीडियो में कहा, ”यह साधारण सीमा विवाद नहीं है। मेरी चिंता है कि चीनी आज हमारे इलाके में बैठे हैं।” उन्होंने कहा कि चीन बगैर रणनीतिक सोच के कोई कदम नहीं उठाता। उसके दिमाग में संसार का नक्शा खिंचा हुआ है और वो अपने हिसाब से उसे आकार दे रहा है। जो वो कर रहा है वो उसका पैमाना है, उसी के तहत ग्वादर है, उसी में बेल्ट रोड आता है। यह दरअसल इस संसार की पुनर्रचना है। इसलिए जब आप चीनियों के बारे में सोचें तो आपको यह समझना होगा कि वह किस स्तर पर सोच रहे हैं।”
चीन हर जगह अपनी स्थिति मजबूत कर रहा 
वीडियो में राहुल ने आगे कहा कि चाहे गलवान हो, पैंगोंग झील हो या डेमचोक, चीन हर जगह अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि  चीन हमारे हाइवे से परेशान है जिसे वह बर्बाद करना चाहता है। इसके अलावा अगर चीन कुछ बड़ा सोच रहा है तो वो पाकिस्तान के साथ कश्मीर में सोच रहा है। इसलिए यह विवाद कोई साधारण सीमा विवाद नहीं है। यह सुनियोजित विवाद है, ताकि भारत के प्रधानमंत्री पर दबाव बनाया जा सके।
चीनी एक खास तरीके से प्रधानमंत्री की छवि पर कर रहे हमला
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘चीनी एक खास तरीके से प्रधानमंत्री पर दबाव बनाने के बारे में सोच रहे हैं। वे उनकी छवि पर हमला कर रहे हैं। वे समझते हैं कि नरेंद्र मोदी को प्रभावी नेता बनने के लिए, एक राजनीतिज्ञ के रूप में बने रहने के लिए अपनी 56 इंच वाली छवि की रक्षा करना जरूरी होगा। यही वह असली जगह है, जहां चीन वार कर रहा है।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘ वे मूलतः नरेंद्र मोदी जी को कह रहे हैं कि यदि आप वह नहीं करेंगे जो चीन चाहता है, तो वे नरेंद्र मोदी की मजबूत नेता वाली छवि को वो ध्वस्त कर देंगे।’’
क्या पीएम मोदी चीन का सामना करेंगे
उन्होंने सवाल किया, ‘‘ नरेंद्र मोदी क्या प्रतिक्रिया देंगे? क्या वह उनका सामना करेंगे? क्या वह चुनौती स्वीकार करेंगे? क्या वह कहेंगे कि मैं भारत का प्रधानमंत्री हूं, मैं अपनी छवि की चिंता नहीं करता, मैं तुम्हारा मुकाबला करूंगा या वो उनके सामने हथियार डाल देंगे?’’
PM अपनी छवि को लेकर हैं चिंतित जिसे बचाने की वो कर रहे कोशिश
गांधी ने कहा, ‘‘चिंता यह है कि प्रधानमंत्री दबाव में आ गए हैं। आज चीनी हमारे इलाके में बैठे हैं और प्रधानमंत्री खुलेआम कह रहे हैं कि वे नहीं बैठे। इससे मुझे लगता है कि वह (प्रधानमंत्री) अपनी छवि को लेकर चिंतित हैं और अपनी छवि बचाने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘यदि प्रधानमंत्री चीनियों को यह समझने का मौका देते हैं कि छवि की चिंता में उन्हें चंगुल में लिया जा सकता है तो भारतीय प्रधानमंत्री देश के लिए किसी काम के नहीं रहेंगे।’’

कोविड-19 : देश में पिछले 24 घंटे में 40000 से अधिक नए मरीजों का रिकॉर्ड, 681 लोगों ने गंवाई जान

Desk Team