राहुल का नोटबंदी-GST को लेकर PM पर वार, बोले- नहीं समझ पाए देश की मन की बात

Summary :

NULL

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नोटबंदी और जीएसटी पर देश का मन नहीं समझने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि ये दोनों कदम देश की अर्थव्यवस्था के लिए घातक साबित हुए हैं।

राहुल ने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिवों और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं पूर्व वित्त मंत्री पी चिदम्बरम के साथ नोटबंदी और जीएसटी से देश के विभिन्न वर्गों को हो रही कठिनाइयों पर अलग-अलग चर्चा की।

बैठक के बाद राहुल ने संवाददाताओं से कहा कि इन दोनों मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी देश का मन नहीं समझ पा रहे हैं। राहुल ने पत्रकारों से कहा कि नोटबंदी के कारण लोग बुरी तरह परेशान हुए हैं। इस मामले में प्रधानमंत्री देश का मन नहीं समझ पाए।

राहुल गांधी ने आगे कहा, ‘8 नवंबर देश के लिए बेहद बुरा दिन था। मुझे नहीं पता कि सरकार कैसे नोटबंदी का जश्न मना सकती है। नोटबंदी एक त्रासदी जैसी थी। मुझे लगता है कि पीएम मोदी को अभी तक आम जन की तकलीफों का ऐहसास नहीं हुआ। मानो देश को हुई तकलीफ का पीएम मोदी को पता ही नहीं।’

वहीं, राहुल ने कहा कि जीएसटी एक अच्छा विचार था लेकिन इसे ठीक ढंग से लागू नहीं किया गया। इस कारण लोगों को खासी परेशानियां हो रही हैं। राहुल ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी देश की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत घातक साबित हुए हैं। बता दें कि कांग्रेस मुख्यालय में हुई इस बैठक में गुलाम नबी आजाद, मोतीलाल वोरा समेत कई बड़े कांग्रेस नेता शामिल हुए।

Desk Team