कोलकाता के गार्डेन रीच थाना क्षेत्र में स्थित आयरन गेट रोड पर व्हाइट हाउस बिल्डिंग में एक बड़े साइबर अपराध नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। मंगलवार को एक जांच टीम ने यहां छापेमारी की। मौके से चार लोगों को पकड़ा गया और लगभग 1.18 करोड़ रुपये का कैश तथा कुछ स्वर्णाभूषण जब्त किए गए।
कोलकाता पुलिस के संयुक्त सीपी (अपराध) के अनुसार, यह छापेमारी 25 फरवरी को की गई थी। मामले में आरोपितों पर आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 66/66सी/66डी/43 के तहत अपराध दर्ज किया गया, साथ ही अन्य धाराओं जैसे 61(2)/319(2)/318(4)/336(2)/336(3)/338/340(2) के तहत भी जांच की जा रही है। इन आरोपियों पर अवैध कॉल सेंटर चलाने का आरोप है, जिसमें लाखों की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस को यहां से कई लैपटॉप, राउटर और अन्य दस्तावेज भी मिले, जो इस घोटाले में शामिल गतिविधियों को उजागर करने के लिए अहम साक्ष्य हो सकते हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुर्शील खान (28), जस्टिन पॉल (28), मोहम्मद शाहरुख (33), और खालिद यूसुफ खान (29) शामिल हैं। ये सभी आरोपी कॉल सेंटर के जरिए लोगों को धोखा देने के काम में लगे हुए थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को एलडी सीजेएम अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस कस्टडी मांगी जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरफ्तारी साइबर अपराध की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और आगे भी ऐसे अपराधों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



