Raja Raghuvanshi Murder: पांचों आरोपियों की आज होगी शिलांग कोर्ट में पेशी

Summary :

पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग की जाएगी

इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी की हत्या के पांच आरोपियों को शिलांग कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने हिरासत बढ़ाने की मांग की है। राजा और उनकी पत्नी सोनम 23 मई को मेघालय में लापता हुए थे। राजा का शव 2 जून को बरामद हुआ। सोनम समेत सभी आरोपी हिरासत में हैं।

इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी हत्याकांड के सभी पांच आरोपियों को उनकी आठ दिन की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद गुरुवार को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी समेत पांचों आरोपियों को गुरुवार को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां उनकी पुलिस हिरासत को और बढ़ाने की मांग की जाएगी। अधिकारी ने कहा, “हमें मामले के बारे में उनसे आगे की पूछताछ के लिए सभी आरोपियों की पुलिस हिरासत की जरूरत है। राजा रघुवंशी (28) और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी (24) गत 23 मई को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) में नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद लापता हो गए थे। गिरफ्तारी के बाद, सभी पांचों आरोपियों – सोनम और चार अन्य – सोनम का कथित प्रेमी राज सिंह कुशवाह (21), आनंद सिंह कुर्मी (23) आकाश राजपूत (19) और विशाल सिंह चौहान (22) को 11 जून को शिलांग के जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने सभी पांचों आरोपियों को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

सोनम और राजा की शादी 11 मई को इंदौर (मध्य प्रदेश) में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के लिए गुवाहाटी होते हुए मेघालय पहुंचे थे। इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी का क्षत-विक्षत शव गत 2 जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा-चेरापूंजी इलाके में वेई सावडोंग पार्किंग स्थल के नीचे एक खाई से बरामद किया गया था। यह दंपति पूर्वोत्तर राज्य के लोकप्रिय पर्यटन स्थल से अपने हनीमून टूर के दौरान ‘लापता’ होने के आठ दिन बाद मिला था।

Raja Raghuvanshi Murder Case: मेघालय पुलिस ने सोनम के परिवार से पूछे ये 10 सवाल

राजा के शव की बरामदगी के बाद, मेघालय पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया और अपनी जांच का रुख बदलते हुए हत्या के मामले में सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.