राजद विधायक फैसल रहमान पहुंचे मुख्यमंत्री आवास, नीतीश कुमार से की मुलाकात

Summary :

पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित होने के बाद उनके दिल्ली जाने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नई सरकार के गठन को लेकर प्रदेश में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, गुरुवार को राजद विधायक फैसल रहमान के नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सियासी पारा और चढ़ गया है। राजद के विधायक फैसल रहमान द्वारा नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सियासी हलचल मच गई है। ढाका विधानसभा से राजद के विधायक फैसल रहमान गुरुवार को अचानक मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने इसकी तस्वीर…

पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित होने के बाद उनके दिल्ली जाने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नई सरकार के गठन को लेकर प्रदेश में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, गुरुवार को राजद विधायक फैसल रहमान के नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सियासी पारा और चढ़ गया है।

राजद के विधायक फैसल रहमान द्वारा नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सियासी हलचल मच गई है। ढाका विधानसभा से राजद के विधायक फैसल रहमान गुरुवार को अचानक मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने इसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया में पोस्ट की है। उन्होंने इसकी जानकारी सार्वजनिक करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि ढाका क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर आज बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से शिष्टाचार भेंट की।

उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, “इस दौरान क्षेत्र के चौमुखी विकास हेतु सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री जी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया तथा क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से ढाका के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।”

बता दें कि हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान राजद के विधायक फैसल रहमान ने मतदान नहीं किया था और अनुपस्थित थे। उन्होंने उस दौरान बताया था कि उनकी माता की तबीयत खराब होने के बाद वह उनके इलाज को लेकर दिल्ली में हैं। इसके बाद राजद ने अब तक इन पर कोई कार्रवाई नहीं की है। उल्लेखनीय है कि फैसल रहमान पहले जदयू में ही थे लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने ढाका से राजद के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इस बीच, जदयू से उनकी नजदीकियों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.