मुंबई बम धमाकों के मास्टरमाइंट दाऊद इब्राहिम को लेकर किए गए दावे को पाकिस्तान ने आधिकारिक रूप से नकार दिया है। वहीं केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने दाऊद को भारत प्रत्यर्पित कराने के लिए पाकिस्तान सरकार पर दबाव बनाना की बात कही है।
सामाजिक न्याय राज्यमंत्री ने बयान जारी कर कहा, ‘‘अब तक पाकिस्तान ने कभी स्वीकार नहीं किया था कि वह वर्षों से दाऊद को शरण दे रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस बारे में पत्र लिखने जा रहा हूं। दाऊद जैसे अपराधियों को फांसी पर लटका दिया जाना चाहिए।’’
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने शुक्रवार को दाऊद इब्राहिम सहित 88 आतंकवादियों और उनके नेताओं पर सख्त वित्तीय प्रतिबंध लगाए थे। लेकिन अपने उस दावे पर ज्यादा देर न टिकते हुए पाकिस्तान ने भारतीय मीडिया में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर किए जा रहे दावे को निराधार बताया है।
पाकिस्तानी समाचार पत्र ‘द न्यूज’ की खबर के अनुसार पाकिस्तान सरकार ने हाल ही में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) द्वारा जारी नई सूची के अनुपालन में आतंकवादी समूहों के 88 आकाओं और सदस्यों पर प्रतिबंध लगाये हैं।
अधिसूचनाओं में घोषित प्रतिबंध जमात-उद-दावा, जैश-ए-मोहम्मद, तालिबान, दाएश, हक्कानी समूह, अलकायदा और अन्य पर लगाये गये हैं। खबर के अनुसार सरकार ने इन संगठनों और आकाओं की सभी चल और अचल संपत्तियों को जब्त करने और उनके बैंक खातों को सील करने के आदेश दिए है।
खबर के अनुसार सईद, अजहर, मुल्ला फजलुल्ला (उर्फ मुल्ला रेडियो), जकीउर रहमान लखवी, मुहम्मद यह्या मुजाहिद, अब्दुल हकीम मुराद, नूर वली महसूद, उजबेकिस्तान लिबरेशन मूवमेंट के फजल रहीम शाह, तालिबान नेताओं जलालुद्दीन हक्कानी, खलील अहमद हक्कानी, यह्या हक्कानी, तथा इब्राहिम और उनके सहयोगी सूची में हैं।


Download Android App
Download iOS App



