कोलकाता, 18 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज गया है। प्रदेश की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरण में मतदान कराए जाएंगे। इसे लेकर भाजपा और टीएमसी के बीच चुनावी जंग तेज हो गई है। भाजपा और टीएमसी के उम्मीदवार लगातार अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों से मिल रहे हैं और समर्थन मांग रहे हैं। रासबिहारी विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार स्वपन दासगुप्ता ने बुधवार को लोगों से मुलाकात की।
कोलकाता में रासबिहारी विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार स्वपन दासगुप्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि देखिए, कई बातें हैं। यह एक ऐसी सीट है, जहां के लोग किसी स्थानीय व्यक्ति का स्वागत करते हैं, इसलिए इस लिहाज से मैं खुशकिस्मत हूं कि यहां के लोग मेरे साथ हैं। बहुत से लोग जानते हैं कि मैं यहीं का रहने वाला हूं, तो यह एक फायदा है, लेकिन साथ ही, बहुत से लोगों में डर का माहौल भी है, जो कहते हैं कि ‘हम आपका समर्थन तो कर रहे हैं, लेकिन हम यह बात खुलकर नहीं कहना चाहते।’ उन्होंने कहा कि हम यहां एक ऐसा वातावरण बनाना चाहते हैं, जहां लोग डर के नहीं खुलकर अपनी जिंदगी को बिताएं।
उन्होंने कहा कि ऊंची-ऊंची इमारतों वाले कई मध्यम वर्गीय इलाकों में यह एक बड़ी चुनौती है। वहां मतदान का प्रतिशत कम रहा है, इसलिए हमारा एक मकसद लोगों को प्रेरित करना और उनसे यह कहना है कि देखिए, बंगाल का भविष्य दांव पर लगा है। आपका अपना भविष्य दांव पर है- आपकी पीढ़ी, आपके बच्चे, आपके नाती-पोते, उन सभी का भविष्य दांव पर है। कृपया मतदान के दिन को छुट्टी का दिन न समझें। मुझे विश्वास है कि लोग समझेंगे और ज्यादा से ज्यादा संख्या में निकलकर वोट करेंगे।
चुनाव आयोग द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के तबादलों पर भाजपा उम्मीदवार स्वपन दासगुप्ता ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की छोटी-छोटी बातों में झांकना मेरा काम नहीं है। चुनाव आयोग को कुछ अधिकारियों को बदलना इसलिए जरूरी लगता है क्योंकि वे सभी के लिए समान अवसर चाहते हैं। वे एक निष्पक्ष प्रशासन चाहते हैं। मुझे लगता है कि उन लोगों के रिकॉर्ड में जरूर कुछ ऐसा रहा होगा जिससे यह पता चलता हो कि वे ऐसा कर पाने में असमर्थ हैं।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



