माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एस जयपाल रेड्डी के निधन पर रविवार को शोक जताया। उन्होंने कहा कि रेड्डी ने भारत की धर्मनिरपेक्ष बुनियाद को मजबूत करने के लिये लगातार काम किया। येचुरी ने एक बयान में कहा कि रेड्डी का निधन देश के लिये बड़ा नुकसान है।
येचुरी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘अपने लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने लगातार दृढ़तापूर्वक भारत की धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक नींव को कायम रखने और उसे मजबूत करने के लिये काम किया। वह एक ईमानदार नेता थे, जिन्हें उनकी विद्वता के लिये जाना जाएगा।’’
उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘मैं तकरीबन चार दशकों तक उनके साथ करीब से जुड़ा रहा। उनका निधन देश में धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक ताकतों के लिये बड़ा नुकसान है।’’
गौरतलब है कि निमोनिया से पीड़ित 77 वर्षीय रेड्डी का शनिवार देर रात एक बजकर 28 मिनट पर हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया।


Download Android App
Download iOS App



