रेवंत रेड्डी ने श्रीसैलम सुरंग हादसे पर अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

Summary :

रेवंत रेड्डी ने सुरंग हादसे पर बचाव कार्यों की समीक्षा की

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एसएलबीसी सुरंग हादसे की गहन समीक्षा की। इस दौरान घटना स्थल पर पहुंचने वाले मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी और सिंचाई विभाग के सलाहकार आदित्यनाथ दास ने मुख्यमंत्री को हादसे के बारे में पूरी जानकारी दी।

इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री रेड्डी ने इस अवसर पर निर्देश दिया कि सुरंग में फंसे 8 श्रमिकों को बचाने के लिए बचाव कार्य को तेज़ी से चलाया जाए। उन्होंने घायलों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार को पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव मदद करेगी।

मंत्री ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें हादसे स्थल की ओर रवाना हो चुकी हैं। सीएम ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को राहत कार्यों के संदर्भ में सतर्क रहना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि बचाव कार्य तेजी से चलें।

आपको बताते चलें, सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए भारतीय सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। सेना ने अपनी इंजीनियरिंग टास्क फोर्स (ईटीएफ) को मौके पर भेजा। सेना की टीम ने मानवतावादी सहायता और आपदा राहत कार्यों के तहत बचाव अभियान शुरू कर दिया है। भारतीय सेना की इंजीनियर टास्क फोर्स अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है, जो इस प्रकार के जटिल और चुनौतीपूर्ण मिशन के लिए आवश्यक हैं।

सेना ने इस मिशन में विभिन्न विशेषज्ञ टीमों को तैनात किया है, जिसमें चिकित्सा दल, एम्बुलेंस और बचाव कार्यों के लिए आवश्यक सभी उपकरण शामिल हैं। सेना ने सुरंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करना शुरू कर दिया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.