पीएम मोदी की तारीफ पाकर गदगद हुए महाकुंभ में लगे सफाईकर्मी

Summary :

महाकुंभ में सफाईकर्मियों की सेवा को पीएम मोदी ने सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में सफाई सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों के अथक प्रयासों की सराहना की। पीएम की तारीफ से गदगद कर्मचारियों ने उन्हें धन्यवाद दिया। सफाई कर्मचारियों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके काम को देखा और उसकी तारीफ की, इससे सभी कर्मचारी बेहद खुश हैं। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले तीन-चार महीने से लगातार काम कर रहे हैं। दिन में 8-10 घंटे तक, कभी-कभी तो 12 घंटे से भी ज्यादा, काम करके कुंभ मेला क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखते हैं। उन्होंने इसे अपनी सेवा मानते हुए कहा कि यह कार्य उनके लिए गर्व की बात है।

मिर्जापुर के सफाई कर्मचारी फागू ने कहा, “हम सुबह पांच बजे से लेकर शाम पांच बजे तक काम करते हैं। हम हर समय सफाई में लगे रहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी तारीफ की, इससे हमें बहुत अच्छा लगा और हमने महसूस किया कि हमारे प्रयासों को पहचाना गया है।”

फतेहपुर की सफाई कर्मचारी कलुइआ ने भी प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “हम दो महीने से इस काम में लगे हुए हैं। हम रोज 12 घंटे सफाई करते हैं और प्रधानमंत्री मोदी ने हमें बधाई दी, जो हमारे लिए गर्व की बात है।”

मिर्जापुर के मनहईआ लाल प्रजापति ने कहा, “हम हर रोज आठ-नौ घंटे काम कर रहे हैं। जगह-जगह झाड़ू मारने का काम करते हैं। जब प्रधानमंत्री मोदी ने हमारी मेहनत की सराहना की, तो हमें बहुत खुशी हुई। हम हमेशा उनके साथ हैं।” सफाई कर्मचारी सोना ने कहा, “हम पिछले तीन-चार महीने से सफाई का काम कर रहे हैं और रोज लगभग 10 घंटे काम करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी से बधाई प्राप्त कर हम अभिभूत हैं, हमें बहुत अच्छा लगा।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.