रायपुर : केन्द्रीय बिजली तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री आर.के. सिंह ने छत्तीसगढ़ में विद्युत विकास के कार्यों और अब तक प्राप्त उपलब्धियों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और उनकी सरकार की तारीफ की है। केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री सिंह ने आजयहां मुख्यमंत्री के साथ उनके निवास कार्यालय में केन्द्रीय ऊर्जा मंत्रालयकी विभिन्न योजनाओं के तहत छत्तीसगढ़ में हो रहे कार्यो की समीक्षा कर रहे थे।
श्री आर.के. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में विद्युत अधोसंरचनाओं के विकास के लिए विगत करीब 14 वर्षों में अभूतपूर्व कार्य किया है। यह काबिल-ए-तारीफ है और अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है।श्री सिंह ने इसके लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी और ऊर्जा विभाग तथा विद्युत कंपनियों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों की भी तारीफ की। श्री सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार ने विद्युत उपभोक्ताओं के घरों,
दुकानों और उद्योगों में स्मार्ट मीटर लगाने का भी निर्णय लिया है। श्री सिंह ने समीक्षा बैठक के बाद कहा कि केन्द्र सरकार राज्यों को बिजली सुविधाओं के विस्तार के लिए वित्तीय सहायता देती है, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विगत लगभग 14 साल में स्वयं के बजट से राज्य में विद्युत उत्पादन, ट्रांसमिशन और अंतिम छोर के गांवों तथा घरों तक वितरण के लिए अधोसंरचना विकास पर 12 हजार करोड़ रूपए से ज्यादा राशि खर्च की गई है।
इससे राज्य के 50 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं को चौबीसों घंटे गुणवत्ता पूर्ण बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा – बिजली के क्षेत्र में अधोसंरचनाओं को सुदृढ़ बनाने का सराहनीय कार्य छत्तीसगढ़ सरकार ने किया है। श्री आर.के. सिंह ने कहा कि किसानों के सिंचाई पम्पों के विद्युतीकरण में भी छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय प्रगति की है। यह प्रगति अन्य राज्यों की तुलना में काफी बेहतर है।
सिंह ने कहा कि विगत 14 वर्षों में छत्तीसगढ़ मेंबिजली कनेक्शन वाले सिंचाई पम्पों की संख्या 97 हजार से बढ़कर पांच लाख तक पहुंच गयी है। दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत रमन सरकार ने राज्य में ग्रामीण विद्युतीकरण का तीन चौथाई कार्य पूर्ण कर लिया है। इस वर्ष सितम्बर माह तक शेष कार्य भी पूर्ण करने का लक्ष्य है। इसके लिए तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने कहा – प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना (सौभाग्य) के तहत छत्तीसगढ़ में सात लाख 8 हजार घरों को बिजली का कनेक्शन देने के लक्ष्य को भी तेज गति से पूरा किया जा रहा है। अब तक चार लाख परिवारों को विद्युत कनेक्शन दिए जा चुके हैं। प्रदेश के दूर-दराज के नक्सल प्रभावित इलाकों में भी विद्युत कनेक्शन देने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
केन्द्रीय बिजली राज्य मंत्री ने सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग के लिए भी मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह की तारीफ की। श्री आर.के. सिंह ने कहा कि सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग करते हुए राज्य में स्कूलों, स्वास्थ्य केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रोंमें सोलर प्रणाली से बिजली की व्यवस्था की जा रही है। सिंचाई और पेयजल व्यवस्था के लिए भी सौर ऊर्जा प्रणाली का उपयोग हो रहा है। सौर सुजला योजना के जरिये राज्य सरकार किसानों को सिंचाई के लिए काफी कम कीमत पर सोलर सिंचाई पम्प दे रही है। रमन सरकार की ऐसी अभिनव पहल अन्य राज्यों के लिए भी अनुकरणीय है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



