रांची, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव और झारखंड के प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की ‘हिंदुत्व’ को लेकर टिप्पणी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह हमेशा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ बात करते हैं।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने 20 अक्टूबर को उज्जैन से अयोध्या तक ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया, “इस देश में जिस प्रकार सनातन धर्म को आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और सावरकर जी ने ‘हिंदुत्व’ नाम दे दिया। उसकी वजह से पूरे देश में हिंदू-मुसलमानों के अंदर, हिंदू और सिखों के बीच में, हिंदू-ईसाइयों के बीच में आपने खाई पैदा कर दी।”
इस पर जवाब देते हुए गजेंद्र सिंह पटेल ने सोमवार को कहा, “अब दिग्विजय सिंह के बयान के बारे में प्रतिक्रिया करना कोई ठीक बात नहीं है, क्योंकि दिग्विजय सिंह जी हमेशा संघ के खिलाफ बात करते हैं, जबकि संघ इस देश के लिए, भारत माता के लिए संगठित होकर काम करने वाला संगठन है।”
झारखंड के प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को रांची पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। रांची पहुंचने के बाद पटेल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का संगठन मजबूती की ओर बढ़ रहा है। निश्चित रुप से पूरे देशभर में भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के अनुसार भारतीय जनता पार्टी का संगठन खड़ा होगा।”
इसके साथ ही, गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा, “झारखंड हमारे देश का प्रमुख हिस्सा है। यहां के आदिवासी समुदाय के लोगों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार ने बहुत काम किया है। हमारी प्राथमिकता में हमारा झारखंड प्रदेश अव्वल है और विकसित भारत में झारखंड की प्राथमिकताएं भी तय होंगी और संगठन भी हमारा भारतीय जनता पार्टी का मजबूत कड़ी में काम करने वाला है।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



