प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 अप्रैल को राजस्थान के बांसवाड़ा में एक रैली के दौरान कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना। पीएम ने अपने बयान में कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो वह लोगों की संपत्ति को मुसलमानों में बांट देगी। पीएम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है।
रिपोर्ट के मुताबिक, PM मोदी ने रैली में कहा कि ये शहरी-नक्सली मानसिकता मेरी माताओं और बहनों का मंगलसूत्र भी नहीं छोड़ेगी। पीएम ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में कहा गया है कि वे माताओं और बहनों के साथ गोल्ड का हिसाब करेंगे, उसके बारे में जानकारी लेंगे और फिर उस संपत्ति को अल्पसंख्यकों को बांट देंगे। पीएम मोदी ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार सत्ता में थी तो उन्होंने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसका मतलब है कि ये संपत्ति इकट्ठा करके किसको बांटेंगे? जिनके ज्यादा बच्चे हैं, ये संपत्ति उनको बांटेंगे। ये संपत्ति घुसपैठियों को बांटेंगे, क्या आपकी मेहनत की कमाई घुसपैठियों को दिया जाएगा? क्या आपको यह मंजूर है?
PM मोदी के बयान पर राहुल गांधी का पलटवार
PM मोदी के बयान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किया पलटवार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पहले चरण के मतदान में निराशा झेलने के बाद पीएम मोदी के झूठ का स्तर इतना गिर गया है कि वह अब लोगों को मुद्दों से भटकाना चाहते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के क्रांतिकारी घोषणापत्र के लिए अपार समर्थन के रुझान आने लगे हैं। देश अब अपने मुद्दों पर वोट करेगा। अपने रोजगार, अपने परिवार और अपने भविष्य के लिए वोट करेगा। भारत को गुमराह नहीं किया जाएगा।
ओवैसी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि पीएम मोदी ने आज मुसलमानों को घुसपैठिए बलाया और कहा कि उनके ज्यादा बच्चे होते हैं। 2002 से लेकर अब तक मोदी की बस एक ही गारंटी रही है। भारत के मुसलमानों को गालियां दो और वोट बटोरो। अगर बात मुल्क की संपत्ति की हो रही है, तो मोदी सरकार में देश के धन पर पहला हक उनके अरबपति दोस्तों का रहा है। भारत के 1% लोग आज देश का 40% धन खा गए। आम हिन्दुओं को मुसलमानों का डर दिखाया जा रहा है, लेकिन सच तो यही है कि आपके पैसों से कोई और अमीर हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App





