नई दिल्ली, 19 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को सफल एंजियोप्लास्टी के बाद बुधवार को दिल्ली एम्स से छुट्टी दे दी गई है।
13 अगस्त की शाम बेचैनी की शिकायत के बाद केंद्रीय मंत्री को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। भर्ती के बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच की और कोरोनरी एंजियोग्राफी से जुड़े मेडिकल टेस्ट भी किए थे।
एम्स की डॉ. रीमा दादा के मुताबिक, बेचैनी के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। एंजियोग्राफी के बाद उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में रखा गया और उनका स्वास्थ्य स्थिर बताया गया था। 14 अगस्त को अस्पताल ने बयान जारी कर बताया था कि मंत्री का स्वास्थ्य स्थिर है। इसके बाद 17 अगस्त को उनकी एंजियोप्लास्टी की गई।
18 अगस्त को एम्स की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया कि उनकी हालत अब स्थिर है और वह अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अब सफल उपचार के बाद उन्हें आज छुट्टी दे दी गई है। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने मंत्री को बेचैनी होने की वजह या एंजियोग्राफी टेस्ट में क्या सामने आया, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
एंजियोप्लास्टी दिल की बंद या संकीर्ण धमनियों को खोलने और रक्त प्रवाह को ठीक करने की प्रक्रिया है। इसे पर्क्यूटेनियस कोरोनरी इंटरवेन्शन (सीपीआई) भी कहा जाता है।
जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ-साथ रसायन और उर्वरक मंत्रालय का भी कामकाज संभालते हैं। पिछले कुछ हफ्तों में वह काफी व्यस्त रहे हैं। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की कई अहम बैठकों की अध्यक्षता की, स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की और देशभर में चल रही योजनाओं और परियोजनाओं का जायजा भी लिया। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



