साहसिक पर्यटन के साथ सुरक्षा का पाठ, उत्तरकाशी में युवाओं को सिखाए गए आपदा प्रबंधन के गुर

Summary :

उत्तरकाशी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। साहसिक पर्यटन और जलक्रीड़ा गतिविधियों में भाग लेने वाले युवाओं को केवल खेल का हुनर ही नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जान बचाने की जिम्मेदारी निभाने के लिए भी तैयार किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) उत्तरकाशी ने जोशियाड़ा झील स्थित जलक्रीड़ा केंद्र में पर्यटन विभाग के तीन दिवसीय बेसिक क्याकिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में शामिल युवक-युवतियों, क्याकिंग प्रशिक्षकों और स्टाफ को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण में कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में तथा आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुंसाई…

उत्तरकाशी, 12 नवंबर (आईएएनएस)। साहसिक पर्यटन और जलक्रीड़ा गतिविधियों में भाग लेने वाले युवाओं को केवल खेल का हुनर ही नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में जान बचाने की जिम्मेदारी निभाने के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

इसी उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) उत्तरकाशी ने जोशियाड़ा झील स्थित जलक्रीड़ा केंद्र में पर्यटन विभाग के तीन दिवसीय बेसिक क्याकिंग प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में शामिल युवक-युवतियों, क्याकिंग प्रशिक्षकों और स्टाफ को आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण में कुल 30 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में तथा आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुंसाई के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण का संचालन डीडीएमए के मास्टर ट्रेनर मस्तान भण्डारी एवं त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) ने किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ और वनाग्नि जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव एवं सुरक्षा के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ और उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल कर किस तरह स्वयं के साथ दूसरों की जान भी बचाई जा सकती है।

प्रशिक्षण में केवल सैद्धांतिक जानकारी तक ही सीमित न रहकर प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। खोज एवं बचाव उपकरणों के उपयोग, अस्थायी स्ट्रेचर (इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर) तैयार करने, प्राथमिक उपचार तथा हृदय गति और सांस रुकने जैसी आपात स्थिति में सीपीआर देने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही दुर्गम क्षेत्रों में संचार व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेटेलाइट फोन के संचालन की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को आपदा आने से पहले, आपदा के दौरान और उसके बाद बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

डीडीएमए की टीम ने प्रतिभागियों को राज्य एवं जनपद के आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों की जानकारी देने के साथ ही आपदा जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए। इसके अतिरिक्त भूदेव ऐप की उपयोगिता समझाते हुए सभी प्रतिभागियों के मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराया गया, ताकि आपदा संबंधी सूचनाओं और आवश्यक जानकारियों तक उनकी पहुंच बनी रहे।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पर्यटन एवं जलक्रीड़ा गतिविधियों से जुड़े युवाओं और प्रशिक्षकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक, प्रशिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है। पहाड़ी जनपद उत्तरकाशी में प्राकृतिक आपदाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए ऐसे प्रशिक्षण को विशेष महत्व दिया जा रहा है। इससे साहसिक पर्यटन गतिविधियों से जुड़े युवा किसी आपातकालीन परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ संकट में फंसे अन्य लोगों की सहायता करने में भी सक्षम बन सकेंगे।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.