नई दिल्ली, 26 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा के प्रवक्ता अजय आलोक ने समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर महिलाओं के मुद्दे को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन दलों की सरकारों के दौरान महिलाओं को लेकर उनकी सोच और महिला सुरक्षा की स्थिति से जनता अच्छी तरह परिचित है। इन पार्टियों के नेताओं के मुंह से महिला सुरक्षा की बातें अच्छी नहीं लगती है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपए देने के वादे पर पलटवार किया।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा सत्ता में थी, तब इस तरह की योजना क्यों नहीं शुरू की गई। यह कहना कि सत्ता में आने पर ऐसा किया जाएगा, यह सिर्फ एक झूठ है। वर्तमान की योगी सरकार योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर जनता को दे रही है। जनता सपा के झूठ पर विश्वास नहीं करती है। यह काफी विडंबना है कि सपा, राजद और कांग्रेस जैसी पार्टियां महिलाओं की सुरक्षा की बात करती हैं।
सपा के पिछले शासन का हवाला देते हुए अजय आलोक ने कहा कि जनता जानती है कि उस दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति कैसी थी। हर कोई जानता है कि महिलाओं को लेकर उनकी क्या सोच रही है। इसलिए बेहतर होगा कि अखिलेश यादव इस मुद्दे पर बात न करें।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हिजाब वाले बयान पर अजय आलोक ने कहा कि वह हर मुद्दे को इस्लाम से जोड़ते हैं और यही उनकी राजनीति की समस्या है। उनके हिसाब से हर चीज इस्लाम विरोधी हो जाती है। सवाल यह है कि संविधान कहां गया? क्या उनके लिए इस्लाम संविधान से भी बड़ा है?
अजय आलोक ने कहा कि अदालत ने हिजाब मामले में महत्वपूर्ण फैसला दिया है। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा प्राप्त करने की जगह है और वहां स्कूल के नियमों का पालन होना चाहिए।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पूरे देश में लागू होगी और यह संविधान के दायरे में है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घुसपैठ को लेकर दिए बयान का समर्थन करते हुए अजय आलोक ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री बिल्कुल सही दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देश में रह रहे घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस अभियान में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
नेपाल में आई भीषण बाढ़ पर चिंता जताते हुए भाजपा नेता ने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा का बेहद गंभीर रूप है और भारत की संवेदनाएं नेपाल के लोगों के साथ हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पीएम से बातचीत की है। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री से भी बातचीत की है। बिहार के सीमावर्ती जिलों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में भारत नेपाल के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।
–आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



