उदित राज के बयान पर शाहनवाज हुसैन का हमला, कांग्रेस पर गला घोंटने की राजनीति का आरोप

Summary :

मायावती के अपमान पर शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस को घेरा

कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद डॉ. उदित राज द्वारा मायावती को लेकर दिए गए बयान के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस को इस तरह के बयान “भारी पड़ेंगे”।

शाहनवाज हुसैन ने कहा, “कांग्रेस पार्टी दलित समाज की बड़ी नेता मायावती का अपमान कर रही है। उनके नेता कह रहे हैं कि उनका गला घोंटने का वक्त आ गया है। कांग्रेस गला घोटने की राजनीति करती है। कांग्रेस को इस तरह के बयान भारी पड़ेंगे।”

इसी बीच, दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित शपथ समारोह की तैयारियां भी जोरों पर हैं। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि रामलीला मैदान दिल्ली का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण स्थल है, जहां से आम आदमी पार्टी की शुरुआत भी हुई थी, हालांकि उन्होंने “बहुत से ढोंग किए और जनता से धोखा किया”। अब, मोदी सरकार एक गारंटी वाली सरकार के रूप में कार्य करेगी और जो कहेगी, वह करेगी।

हाल ही में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि जो लोग लालू यादव को गाली दे रहे हैं, वही उन्हें भारत रत्न देंगे। इस पर हुसैन ने कहा, “तेजस्वी का कर्पूरी ठाकुर और लालू यादव की तुलना करना दुर्भाग्यपूर्ण है। कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिला, जो बिहार के अति पिछड़ों के नेता थे। अब यही बात राजद के लिए परेशानी का कारण बन रही है।”

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के महाकुंभ पर दिए गए बयानों पर भी हुसैन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दोनों नेता महाकुंभ के बारे में बयान दे रहे हैं, वह दुर्भाग्यपूर्ण है और यह बयानबाजी बंद होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर कहा कि 24 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी भागलपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे और वहीं से किसान सम्मान निधि की राशि देश के लोगों को देंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.