शिवसेना एमवीए और ‘इंडिया’ ब्लॉक के साथ : प्रियंका चतुर्वेदी

Summary :

प्रियंका चतुर्वेदी का दावा: शिवसेना ‘इंडिया’ ब्लॉक के साथ मजबूती से खड़ी

दिल्ली चुनाव के बाद विपक्षी ‘इंडिया’ ब्लॉक में बिखराव की खबरों के बीच शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मिले। शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) और ‘इंडिया’ ब्लॉक के साथ है।

प्रियंका चतुर्वेदी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम लिए बगैर कहा, “महाराष्ट्र में जब से नए मुख्यमंत्री बने हैं, और जब से उनका (शिंदे का) पावर उनसे छीन लिया गया है, तब से वह सुबह उठकर रोज नई अफवाह फैलाते हैं।”

दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात पर उन्होंने कहा, “हमारे सभी सांसद साथ में थे, सभी की मुलाकात हुई है और अच्छा लंच हुआ है। पहले आदित्य ठाकरे ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी और आज अरविंद केजरीवाल से मिले हैं। ऐसे में यह एक सकारात्मक दौरा रहा है। हमारा कमिटमेंट ‘इंडिया’ अलायंस और महा विकास अघाड़ी के साथ है।”

महाराष्ट्र में ऑपरेशन टाइगर के सवाल पर शिवसेना (यूबीटी) सांसद ने कहा, “वे लोग पंचर टाइगर हैं। उनको अमित शाह ने बनाकर रखा है। जिस दिन वह उन्हें पंचर करेंगे, तो उनको पता भी नहीं चलेगा कि वे कहां पहुंच जाएंगे। जिनको जानकारी नहीं है और सिर्फ अफवाह के आधार पर जी रहे हों, उनको मैं फिर से कहूंगी कि वे अपनी आंखें खोलें और देखें कि उनका इस्तेमाल हो चुका है। अब वे भाजपा के किसी काम के नहीं रह गए हैं। सिर्फ कुछ दिन की बात है, अब उनको बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।”

उल्लेखनीय है कि दिल्ली चुनाव में आप की करारी हार के बाद ‘इंडिया’ ब्लॉक के अस्तित्व पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के राज्य में अगले विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा ने इस बात को और हवा दे दी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.