शिवराज सिंह चौहान ने बेंगलुरु हादसे पर जताया दुख, घायलों के लिए की प्रार्थना

Summary :

बेंगलुरु हादसे में 11 की मौत पर शिवराज सिंह की संवेदना

बेंगलुरु में आईपीएल जीत के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत और 33 घायल हो गए। शिवराज सिंह चौहान ने इस हादसे पर दुख जताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। आरसीबी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया और सुरक्षा पर जोर दिया।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की जीत के जश्न के दौरान बड़ा हादसा हुआ। चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए। इस हादसे पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख जताया। शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “बेंगलुरु में हुई दुर्घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस गंभीर हादसे में असमय प्राण गंवाने वाले नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम सभी की संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें, यही प्रार्थना करता हूं। हादसे पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी दुख जताया। आरसीबी ने कहा, “आज दोपहर टीम के आगमन की प्रत्याशा में बेंगलुरु में लोगों की भीड़ के बारे में मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से सामने आई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से हम बहुत दुखी हैं। सभी की सुरक्षा और भलाई हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। आरसीबी दुखद मौत पर शोक व्यक्त करता है और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है। स्थिति से अवगत होने के तुरंत बाद, हमने अपने कार्यक्रम में तुरंत संशोधन किया और स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन और सलाह का पालन किया। हम अपने सभी समर्थकों से आग्रह करते हैं कि कृपया सुरक्षित रहें।”

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़, अब तक 11 की मौत, कई घायल

बता दें कि चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 33 लोग घायल हैं। हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि दो लोगों के शव बॉरिंग अस्पताल में और चार अन्य के वैदेही अस्पताल में हैं। छह लोगों का वैदेही अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है, जिनमें से तीन को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बॉरिंग अस्पताल का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में 11 लोगों के मारे जाने और 33 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपए की मदद देने और घायलों का सरकार की तरफ से मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.