भारत की चार दिवसीय यात्रा पर आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे..इन का आज राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत किया गया । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां उनकी अगवानी की । विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट में कहा कि एक विशेष सामरिक गठजोड़ जिसकी जड़ें सदियों पुराने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक सम्पर्क में गहराई से जमी हैं। उन्होंने कहा कि कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति का राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत किया गया।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे..इन ने सलामी गारद का भी निरीक्षण किया। भारत की यात्रा पर आए दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति आज प्रधानमंत्री के साथ हैदराबाद हाउस में बैठक करेंगे जिसमें कुछ समझौते होने की भी उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून जे-इन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ यहां गांधी स्मृति गए थे। यहां प्रधानमंत्री मोदी और दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद मोदी और मून जे-इन ने महात्मा गांधी के पसंदीदा भजन सुने। इन भजनों को शास्त्रीय गायिका विद्या शाह ने गाया। सोमवार को ही प्रधानमंत्री मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने नोएडा के सेक्टर 81 में स्थित सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स की 35 एकड़ में फैली फैक्ट्री का भी उद्घाटन किया।


Download Android App
Download iOS App



