SSC प्रश्न पत्र लीक मामला : CBI ने सिफी कर्मचारियों समेत 17 पर मामला किया दर्ज

Summary :

NULL

एसएससी की स्नातक स्तरीय परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले के संबंध में सीबीआई ने सिफी टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के 10 कर्मचारियों समेत 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एजेंसी ने सिफी के चेन्नई , नोएडा , मुंबई और दिल्ली स्थित कार्यालयों के साथ ही यहां शेख सराय इलाके में उसके एक कर्मचारी संत प्रसाद गुप्ता के घर पर छापेमारी समेत 12 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया था।

सीबीआई की एफआईआर में सात छात्रों के भी नाम है जो परीक्षा में शामिल हुए थे। इन छात्रों पर प्रश्नपत्र के स्क्रीनशॉट के आधार पर मामला दर्ज किया गया जो कथित तौर पर लीक किया गया था और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

सीबीआई के मुताबिक प्रश्न पत्र इस तरह से तैयार किये गए थे कि परीक्षार्थियों को पत्र एक तय ‘ क्रम ’ में मिलें जो एक परीक्षा केंद्र के लिये खास हो। इस मामले में परीक्षा केंद्रों को ‘‘ लैब्स ’’ कहा गया है।

लीक हुए सवालों के पैटर्न के आधार पर सीबीआई उन सात छात्रों की पहचान करने में सफल रही जिन्हें यह पत्र उस खास पैटर्न पर मिले होंगे।

अधिकारी ने कहा कि इन छात्रों का नाम आरोपी के तौर पर शामिल किया गया है और उनकी संलिप्तता अब शुरू हुई जांच की आगे की दिशा से तय होगी।

संत प्रकाश गुप्ता सिफी में प्रश्न बैंक के संरक्षक थे और उनके साथ नौ और कर्मचारी थे जो उन सात परीक्षा केंद्रों पर साइट मैनेजर थे जहां लीक हुए प्रश्न पत्र पहुंचे। इनका नाम भी एफआईआर में दर्ज किया गया है।

24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।

Desk Team