कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी के इस्तीफे के बाद पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी के किसी साथी का अलग होना दुखद है और ऐसे मामले में टीम का मुखिया होने के नाते मेरी भी जवाबदेही बनती है। प्रियंका के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने टॉम वडक्कन के जाने के समय भी कहा था और आज फिर कह रहा हूं कि जब भी कांग्रेस का कोई व्यक्ति बाहर जाता है तो यह हमारे लिए दुख का विषय होता है।
लोग करियर में आगे बढ़ने की इच्छा रखते हैं। अगर टीम में कुछ होता है तो उसका असर नेता होने के कारण मेरे ऊपर भी आता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हम प्रियंका चतुर्वेदी सहित उन लोगों को लोगों को शुभकामना देते हैं जो हमसे अलग हुए हैं।’’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘ जो टीम का नेतृत्व कर रहा है उसकी भी जवाबदेही होनी चाहिए और इसमें कुछ गलत नहीं है।’’
दरअसल, मथुरा में अपने साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई को निरस्त किये जाने पर खुलकर नाराजगी जताने के बाद प्रियंका चतुर्वेदी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया और शिवसेना में शामिल हो गईं। प्रियंका मुंबई में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुईं।


Download Android App
Download iOS App



