भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष पी एस श्रीधरन पिल्लई ने शुक्रवार को कहा कि इस्लाम विरोधी कथित बयान के लिए उनके खिलाफ पुलिस का मामला मनगढ़ंत है और दोषी पाये जाने पर वह अपना सार्वजनिक जीवन समाप्त करने के लिए तैयार हैं। पिल्लई ने यहां कोझिकोड प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह यह जानना चाहते हैं कि यदि यह मामला झूठा निकला तो मामले में शिकायकर्ता माकपा नेता और विधायक वी सिवनकुट्टी क्या माफी मांगने और अपना सार्वजनिक जीवन समाप्त करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सांप्रदायिक शत्रुता को बढ़ावा देने के लिए एक भी शब्द नहीं बोला था और केवल जांच प्रक्रियाओं से संबंधित बातें ही कही थीं।’’ उन्होंने कहा कि यह अधिकारियों और वाम दलों के बीच एक षड्यंत्र है और वे सोचते हैं कि झूठे मामलों को दर्ज कर भाजपा नेताओं को खत्म किया जा सकता है।
पुलिस ने सिवनकुट्टी की एक शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धाराओं 153 और 153ए के तहत पिल्लई के खिलाफ एक मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने कहा था कि पिल्लई ने 14 अप्रैल को पार्टी उम्मीदवार शोभा सुरेंद्रन के समर्थन में अट्टिंगल विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बालाकोट हवाई हमले का जिक्र किया था और मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) टीका राम मीणा ने चुनावी सभा के दौरान कथित बयान के लिए भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख के खिलाफ ‘‘उचित कार्रवाई’’ करने की सिफारिश की थी।


Download Android App
Download iOS App



