सुशांत केस : रिया चक्रवर्ती और बिहार सरकार ने SC में पेश किए लिखित अभिवेदन

Summary :

पटना में दर्ज कराई गई एफआईआर में सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती और उसके परिवार के सदस्यों सहित छह अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये हैं।

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और बिहार सरकार ने पटना में दर्ज एफआईआर मुंबई स्थानांतरित करने के लिए दायर रिया की याचिका पर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में लिखित अभिवेदन दिए है। 
पटना में दर्ज कराई गई एफआईआर में राजपूत के पिता ने रिया और उसके परिवार के सदस्यों सहित छह अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये हैं। बिहार सरकार ने अधिवक्ता केशव मोहन के जरिए पेश किए गए अपने लिखित अभिवेदन में चक्रवर्ती की याचिका को खारिज करने का अनुरोध करते हुए कहा,‘‘जांच का जिम्मा संभालने और इसे तेजी से निपटाने के सीबीआई के रास्ते में किसी भी प्रकार की बाधा डालने की अनुमित नहीं दी जाएगी।’’ 
वहीं रिया चक्रवर्ती ने अपने लिखित अभिवेदन में कहा कि बिहार पुलिस के आदेश पर जांच का जिम्मा सीबीआई को स्थानांतरित किया जाना अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। सुप्रीम कोर्ट ने चक्रवर्ती की याचिका पर अपना फैसला 11 अगस्त को सुरक्षित कर लिया था और संबंधित पक्षों से गुरुवार तक अपने लिखित अभिवेदन देने का निर्देश दिया था। 
गौरतलब है कि राजपूत 14 जून को मुंबई के अपने अपार्टमेंट में फंदे से लटके पाए गए थे। मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। वहीं राजपूत के पिता के के सिंह ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और अन्य के खिलाफ पटना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

Desk Team