सुवेंदु अधिकारी के पीएम की हत्या पर राहुल सिन्हा बोले, आतंकी सोच वाली पार्टी है टीएमसी

Summary :

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। भाजपा नेताओं ने इस घटना को राजनीतिक हिंसा बताते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कोलकाता में भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस “आतंकवादी सोच” वाली पार्टी है और जनता ने उसे पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भवानीपुर से ममता बनर्जी की हार के बाद भी उन्होंने जनता…

नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। भाजपा नेताओं ने इस घटना को राजनीतिक हिंसा बताते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

कोलकाता में भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस “आतंकवादी सोच” वाली पार्टी है और जनता ने उसे पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भवानीपुर से ममता बनर्जी की हार के बाद भी उन्होंने जनता के जनादेश को स्वीकार नहीं किया और इस्तीफा देने से इनकार कर दिया।

राहुल सिन्हा ने कहा कि जब टीएमसी को लगा कि उनके पास कोई राजनीतिक रास्ता नहीं बचा है, तब उन्होंने हिंसा और आतंक का सहारा लिया। उन्होंने दावा किया कि सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया गया।

राहुल सिन्हा ने आगे कहा कि टीएमसी एक हिंसावादी दल है और इसके पीछे “गुंडा व समाज विरोधी तत्व” सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि हत्या की जांच जारी है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि इस पूरी घटना की रणनीति टीएमसी आलाकमान स्तर पर बनाई गई थी और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं, हैदराबाद में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी के पीए पर हमला टीएमसी की राजनीतिक असहिष्णुता का उदाहरण है। उनके मुताबिक, टीएमसी हमेशा से हिंसा की राजनीति करती रही है और संविधान का सम्मान नहीं करती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पहले टीएमसी को “गुंडा पार्टी” बता चुके हैं, लेकिन अब दोनों दल भाजपा के खिलाफ एक साथ दिखाई दे रहे हैं।

पटना में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि चंद्रनाथ रथ हमेशा सुवेंदु अधिकारी के साथ रहते थे और उनकी हत्या बेहद दुखद घटना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सरावगी ने कहा कि चाहे आरोपी कहीं भी छिपे हों, उन्हें खोजकर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

–आईएएनएस

एसएके/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.