नई दिल्ली/लखनऊ, 12 सितंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने जहां पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी के कालीघाट मंदिर में मछली खाने के मुद्दे को गैर-जरूरी बताते हुए बेरोजगारी और महंगाई को देश की बड़ी चिंता बताया, वहीं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पार्टी पदों से इस्तीफे और कर्नाटक में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। दूसरी ओर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और मछली खाने के विवाद को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला।
कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने सुवेंदु अधिकारी के कालीघाट मंदिर में मछली खाने को लेकर उठे विवाद पर कहा कि किसी व्यक्ति का क्या पहनना या क्या खाना है, यह देश के सामने बड़ा मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के सामने बेरोजगारी और महंगाई जैसे कहीं अधिक महत्वपूर्ण सवाल हैं। राजनीतिक बहस को ऐसे मुद्दों से हटकर आम लोगों से जुड़े आर्थिक और सामाजिक विषयों पर केंद्रित किया जाना चाहिए।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के एक सहयोगी के यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद कांग्रेस के पदों से इस्तीफा देने पर सुखदेव भगत ने कहा कि यह कांग्रेस के मूल मूल्यों और रावत की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रावत पहले भी कई पदों से स्वेच्छा से इस्तीफा दे चुके हैं। भगत ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी दोषी होगा, वह सामने आएगा।
उन्होंने ईडी और केंद्रीय जांच एजेंसियों के कामकाज को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। भगत ने कहा कि भाजपा द्वारा जांच एजेंसियों के इस्तेमाल का समय और तरीका अक्सर संदेह के घेरे में रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल सरकारें गिराने, लोगों को डराने-धमकाने या उन्हें भाजपा में शामिल कराने के लिए करती है।
कर्नाटक कांग्रेस द्वारा नए जिला अध्यक्षों की सूची जारी किए जाने में सभी पुरुषों के शामिल होने पर भाजपा की राहुल गांधी की आलोचना के सवाल पर भी सुखदेव भगत ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी महिलाओं की पहचान, आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और आत्मसम्मान की बात करते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और आरक्षण देने की दिशा में कांग्रेस ने पहले पहल की है।
भगत ने कहा कि संगठन में जिम्मेदारियां तय करते समय पार्टी बेहतर उम्मीदवार को प्राथमिकता देती है और यह केवल पसंद-नापसंद के आधार पर नहीं होता।
कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाते हुए इसे जंगल राज करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हत्या और मछली खाने से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि इन मुद्दों के जरिए समाज के एक वर्ग का अपमान किया जा रहा है।
राजपूत ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद से भी सवाल किया कि यदि उन्हें सरकार की नीतियों से आपत्ति है तो उन्हें सरकार से बाहर आकर इस्तीफा देना चाहिए और खुलकर सवाल उठाने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल विरोध प्रदर्शन करके समाज को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए।
–आईएएनएस
एसएके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



