तलत अजीज : जब एक घटना ने मिटा दिया क्रिकेट का जुनून, दुनिया को मिला शानदार सिंगर

Summary :

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। ‘जिंदगी जब भी तेरी बज्म में लाती है हमें, ये जमीन चांद से बेहतर नजर आती है हमें।’ यह दास्तां है ऐसे कलाकार की, जिनकी रेशमी आवाज और मखमली अंदाज ने हर सुनने वाले को अपना दीवाना बना लिया। बात हो रही है, मशहूर गजल गायक तलत अजीज की। 11 नवंबर 1956 को हैदराबाद में जन्मे तलत अजीज गायक नहीं होते तो क्रिकेटर बनते। अजीज ने हैदराबाद के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट भी खेला था। वे एक जमाने में नेशनल कोच रहे। एक इंटरव्यू में तलत अजीज ने कहा था, “मेरे साथ पॉलिटिक्स खेली गई।…

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। ‘जिंदगी जब भी तेरी बज्म में लाती है हमें, ये जमीन चांद से बेहतर नजर आती है हमें।’ यह दास्तां है ऐसे कलाकार की, जिनकी रेशमी आवाज और मखमली अंदाज ने हर सुनने वाले को अपना दीवाना बना लिया। बात हो रही है, मशहूर गजल गायक तलत अजीज की।

11 नवंबर 1956 को हैदराबाद में जन्मे तलत अजीज गायक नहीं होते तो क्रिकेटर बनते। अजीज ने हैदराबाद के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट भी खेला था। वे एक जमाने में नेशनल कोच रहे।

एक इंटरव्यू में तलत अजीज ने कहा था, “मेरे साथ पॉलिटिक्स खेली गई। मैं एक बड़े टूर्नामेंट में खेलने गया था। यह बिल्कुल फिल्मी सीन जैसा था कि मैं मैच के दिन फील्ड पर उतरने के लिए तैयार था, तभी दोस्तों ने बताया कि तुम नहीं खेल रहे हो, क्योंकि सभी 11 खिलाड़ी मैदान पर उतर चुके हैं।”

तलत अजीज के शब्द थे, ‘उन्हें एक डायरेक्टर के बेटे के कारण टीम से बाहर होना पड़ा था।’ यह एक ऐसी घटना थी, जिसने तलत अजीज के क्रिकेट के जुनून को पलभर में खत्म कर दिया था।

उन्होंने इंटरव्यू में कहा, “उस घटना के बाद मैंने अपने सभी सामान को बांट दिया और इसके बाद यह ठान लिया था कि क्रिकेट फील्ड पर कदम नहीं रखूंगा।”

अक्सर होता है कि जब आप एक रास्ता देखते हैं, लेकिन जिंदगी इस कदर मोड़ लेती है कि सब कुछ बदल जाता है। तलत अजीज की जिंदगी भी उस तरह एक मोड़ पर आकर बदल गई। क्रिकेट छूटा तो अजीज सिंगिंग का रास्ता चुनकर आगे बढ़ गए।

उन्हें जितना क्रिकेट के लिए जुनून था, उतना ही शौक गाने का रहा। उन्होंने महज 7 वर्ष की उम्र से गाना शुरू कर दिया था। अपने इस सफर के बारे में तलत अजीज ने एक इंटरव्यू में कहा, “मेरे पास आज भी वो तस्वीर है, जब मैं 7 साल की उम्र में गा रहा था। जब मैंने पहली बार अपनी आवाज टेप रिकॉर्डर पर रिकॉर्ड की थी, तब बड़ा अजीब सा लगता था।”

तलत अजीज जब छोटे थे, घर में हफ्ते के आखिर में महफिलें हुआ करती थीं। उनकी मां साजिदा आबिद एक उर्दू कवयित्री और लेखिका थीं। मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह पारिवारिक मित्र थे। उनके अक्सर घर आने-जाने से प्रेरित होकर अजीज ने किराना घराने से गायकी की तालीम लेनी शुरू की।

1979 में 23 साल की उम्र में अजीज ने ‘जगजीत सिंह प्रेजेंट्स तलत अजीज’ एल्बम के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्हें फिल्मों में गाने के कई ऑफर मिलने लगे। फिल्म ‘उमराव जान’ (1981) और ‘बाजार’ (1982) में अजीज की गाई गजलें बहुत हिट रहीं।

इसके बाद, फिल्म ‘लोरी’ (1984) के लिए उन्होंने आशा भोंसले के साथ ‘तुम्हीं से रोशन’ गाना गाया। अगले पांच सालों तक, अजीज ने अपना पूरा ध्यान म्यूजिक एल्बम और लाइव कॉन्सर्ट पर लगाया। 1987 में, उन्होंने अपने एल्बम ‘तसव्वुर’ के लिए एक म्यूजिक वीडियो जारी किया। ऐसा करने वाले वे पहले गजल गायक थे।

1989 में महेश भट्ट की फिल्म ‘डैडी’ के जरिए अजीज ने प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की। अजीज ने फिल्मों के लिए चुनिंदा गाने ही गाए, लेकिन उनका हर एक गाना उनके करियर में एक मील का पत्थर साबित हुआ।

अजीज को फिल्म ‘धुन’ में एक अभिनेता के तौर पर पेश किया गया। इस फिल्म के संगीत ने उन्हें अपने गुरु मेहदी हसन के साथ काम करने का मौका दिया। यह दो ऐसी प्रतिभाओं का अनोखा संगम था, जिन्होंने पहले कभी साथ मिलकर नहीं गाया था।

1990 के दशक में एल्बम की मार्केटिंग के लिए म्यूजिक वीडियो सबसे असरदार जरिया बन गए थे। गजलों में डिस्को बीट्स जोड़ी जाने लगीं और गायकों को अपने गानों के वीडियो में खुद नजर आने के लिए प्रोत्साहित किया जाने लगा। अजीज भी इसके लिए तैयार हो गए, क्योंकि उनका एक्टिंग में डेब्यू नहीं हो पाया था।

–आईएएनएस

डीसीएच/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.