नोएडा, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। तेज धूप और लू के चलते अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा देखने को मिल रहा है।
खासतौर पर बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, उल्टी-दस्त और कमजोरी जैसी समस्याओं के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अस्पतालों में हर दिन हजारों की संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक 24 अप्रैल 2026 को ओपीडी में कुल 2769 मरीज दर्ज किए गए, जबकि 1954 मरीजों ने आभा स्कैन के माध्यम से पंजीकरण कराया। इसी दिन कुल 372 अन्य केस दर्ज हुए, जिनमें 328 डॉग बाइट के मामले भी शामिल हैं। 25 अप्रैल को भी स्थिति लगभग समान रही।
इस दिन 2653 मरीज ओपीडी में पहुंचे और 1898 मरीजों ने आभा स्कैन कराया। कुल 223 अन्य केस दर्ज किए गए, जिनमें 184 डॉग बाइट के मामले सामने आए। हालांकि 27 अप्रैल को मरीजों की संख्या में और अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दिन ओपीडी में 3022 मरीज पहुंचे, जबकि 2158 लोगों ने आभा स्कैन कराया। कुल 471 अन्य केस दर्ज किए गए, जिनमें डॉग बाइट के 427 मामले शामिल हैं, जो चिंता का विषय है।
डॉक्टरों का कहना है कि तेज गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी हो रही है, जिससे लोगों की हालत बिगड़ रही है। बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण वे जल्दी बीमार पड़ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, अधिक से अधिक पानी पिएं, हल्का और पौष्टिक भोजन करें तथा धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें।
–आईएएनएस
पीकेटी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



