सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने बृहस्पतिवार को कहा कि महात्मा गांधी और बी आर आंबेडकर की शिक्षाओं, विचारों और बलिदान का लोगों के बीच व्यापक रूप से प्रचार किये जाने की जरूरत है। यहां ‘महात्मा से मोदी तक: भारत का विचार’ शीर्षक पर एक व्याख्यान में भाग लेते हुए गहलोत ने कहा कि गांधी और आंबेडकर दोनों बहुत ज्ञानी ‘‘महापुरूष’’ थे।
उन्होंने कहा कि आम जनता को परेशान किए बिना अंग्रेजों के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अहिंसक विरोध प्रदर्शन करने के उनके तरीके को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों ‘‘बड़े नेताओं’’ ने उत्पीड़न, अपमान, पुलिस के डंडों, गोलियों का सामना किया और यहां तक कि उन्हें जेल की सजा भी काटनी पड़ी लेकिन उनके आंदोलन के दौरान एक भी पत्थर फेंके जाने या सार्वजनिक संपत्ति के क्षतिग्रस्त होने की कोई सूचना नहीं मिली थी।
गहलोत ने कहा कि हालांकि दोनों ने विदेश में कानून का अध्ययन किया और भारत लौटने के बाद उन्होंने इसे अपने पेशे के रूप में नहीं अपनाया और न ही कहीं और रोजगार लिया। इसके बजाय उन्होंने खुद की या अपने परिवार की सदस्यों की चिंता किये बगैर देश की आजादी के लिए खुद को कुर्बान कर दिया।
गहलोत की यह टिप्पणी बृहस्पतिवार को देश के कुछ हिस्सों में जारी संशोधित नागरिकता अधिनियम पर विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में आई है। गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा और आगजनी में जामिया छात्रों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों समेत कई प्रदर्शनकारी घायल हो गये थे।


Download Android App
Download iOS App



