महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता किरीट सोमैया ने ठाणे में धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर के खिलाफ अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई के बाद अब ठाणे को ‘लाउडस्पीकर मुक्त’ बनाने की दिशा में काम शुरू हो चुका है। सोमैया ने आरोप लगाया कि मस्जिदों में हाईकोर्ट और पुलिस प्रशासन के नियमों का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर का प्रयोग किया जा रहा है। भाजपा नेता बुधवार को ठाणे पहुंचे। उन्होंने कहा, मैं ठाणे आया हूं। मैं ठाणे पुलिस और आसपास के पुलिस थानों के अधिकारियों से मिल रहा हूं। मैंने उनसे एक अनुरोध किया है कि अगर मुंबई को लाउडस्पीकरों से मुक्त बनाया जा सकता है, तो ठाणे को भी लाउडस्पीकर मुक्त बनाया जाना चाहिए।
अवैध लाउडस्पीकर पर एक्शन
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा, मुंब्रा पुलिस स्टेशन ने मुझे बताया कि वहां 150 से ज्यादा मस्जिदें और मदरसे लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कुल मिलाकर 600 से ज्यादा लाउडस्पीकर हैं और किसी ने भी इसकी अनुमति नहीं ली है। सोमैया बोले, हमने लाउडस्पीकर मुक्त ठाणे अभियान की शुरुआत की है। ठाणे में 80 प्रतिशत मस्जिदें लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करती हैं और हाईकोर्ट के आदेशों का पालन नहीं किया जा रहा है। पुलिस भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
लाउडस्पीकर मुक्त बनाने को लेकर अहम कदम
अपने अभियान की जानकारी देते हुए किरीट सोमैया ने कहा कि हम अगले हफ्ते पुलिस आयुक्त से मुलाकात करेंगे और एक महीने के भीतर ठाणे लाउडस्पीकर मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक 50 प्रतिशत ठाणे लाउडस्पीकर मुक्त हो जाएगा। वहीं, 31 अगस्त तक पूरा शहर लाउडस्पीकर मुक्त हो जाएगा। गणेशोत्सव में इस्तेमाल होने वाले लाउडस्पीकरों पर सोमैया ने कहा, त्योहारों के समय सरकारी अनुमति ली जाती है। लेकिन, मस्जिदों में दिन में 5 बार तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाए जाते हैं, जिन पर कोई ध्वनि सीमा लागू नहीं होती। यह कानून के दायरे से बाहर बताया जाता है, जो गलत है।


Download Android App
Download iOS App



