नई दिल्ली: बंगलुरू में वरिष्ठ पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के बाद इस मुद्दे पर लगातार राजनीति हो रही है। अब बीजेपी के विधायक ने भी इस मामले से जुड़ा एक बयान दिया है। कर्नाटक के बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री जीवराज ने कहा कि अगर गौरी लंकेश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोगों की मौत के जश्न के बारे में ना लिखती तो शायद आज जिंदा होतीं। चिकमंगलुरु में एक कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि गौरी लंकेश ने अगर आरएसएस के ख़िलाफ़ नहीं लिखा होता तो आज वह ज़िंदा होतीं। बीजेपी विधायक ने कहा कि गौरी लंकेश जिस तरह लिखती थीं, वो बर्दाश्त के बाहर था।
विधायक ने बयान में कहा, हमने देखा है कि कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में कई आरएसएस कार्यकर्ताओं ने जान गंवाई है। अगर गौरी लंकेश ने आरएसएस के खिलाफ नहीं लिखा होता तो वह ज़िंदा होतीं। गौरी मेरी बहन जैसी हैं लेकिन जिस तरह उन्होंने हमारे खिलाफ़ लिखा, वो स्वीकार नहीं किया जा सकता है।’ कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं की मंगलुरु में बाइक रैली पर पुलिस ने रोक लगाई थी जिसके बाद जीवराज कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
उधर, गौरी लंकेश के हत्यारों के सुराग के लिए अब एसआईटी ने आम लोगों से मदद की अपील की है। 72 घंटों बाद भी हत्यारों का सुराग न मिल पाने के चलते पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने कहा है कि अगर कोई भी जानकारी हो तो पुलिस को बताएं। इस बीच गौरी की मां ने एक अंग्रेजी दैनिक को दिए बयान में कहा है कि गौरी ने 2 सितंबर को अपनी बहन कविता से अपने घर के आस पास कुछ अनजान लोगों को घूमते हुए देखा था लेकिन उनसे किसी तरह के खतरे की ज़िक्र नहीं किया। गौरी लंकेश के घर और आसपास की इमारतों के सीसीटीवी फ़ुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस ने अब लोगों से मदद की अपील की है।
गौरी लंकेश साप्ताहिक मैग्जीन ‘लंकेश पत्रिके’ की संपादक थीं। इसके साथ ही वो अखबारों में कॉलम भी लिखती थीं। टीवी न्यूज चैनल डिबेट्स में भी वो एक्टिविस्ट के तौर पर शामिल होती थीं। लंकेश के दक्षिणपंथी संगठनों से वैचारिक मतभेद थे।
गौरी लंकेश के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार
कन्नड़ भाषा की मशहूर पत्रकार और कार्यकर्ता गौरी लंकेश के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले एक 22 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गौरी लंकेश की पांच सितंबर को उनके घर के बाहर अज्ञात लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि इस युवक का नाम मल्ली अर्जुन है और उसके पास से एक मोबाइल तथा सिम कार्ड बरामद किया गया है। वह यादगिरि जिले में सुरापुरा तालुक के नारायणपुरा का रहने वाला है और सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा धारक है। दो माह पहले रोजगार की तलाश में वह यहां आया था और अपने दोस्त के यहां रह रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



