Lok sabha election 2019 : मोदी की आंधी में बुझ गया लालटेन

Summary :

बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की आंधी में जहां राष्ट्रीय जनता दल

बिहार में इस बार के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की आंधी में जहां राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का लालटेन (चुनाव चिन्ह) पूरी तरह से बुझ गया वहीं महागठबंधन के अन्य घटक राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) एवं विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के सुप्रीमो तक अपनी सीट नहीं बचा पाये। 
राज्य की कुल चालीस में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राजग ने जहां 12 सीटें जीत ली हैं वहीं 27 सीटों पर अपने प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ बड़ अंतर से बढ़त बनाये हुये है। भाजपा ने दरभंगा, सारण, बेगूसराय, पश्चिम चंपारण, उजियारपुर और सासाराम, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) ने सीतामढ़, कटिहार, पूर्णिया एवं गोपालगंज (सुरक्षित) तथा लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने जमुई (सुरक्षित) एवं समस्तीपुर (सु) लोकसभा सीट जीत ली है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। वहीं, भाजपा 11, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 13 और लोजपा चार सीट पर अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं। 
वहीं, राजद अपने कोटे की 19 की 19 सीटें हार गया है। सतरहवें आम चुनाव (2019) में महागठबंधन में तालमेल के तहत राजद के खाते में 20 सीटें गई थी, जिसमें से उसने एक आरा सीट भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी- लेनिनवादी) के लिए छोड़ दी थी। माले भी अपनी सीट नहीं बचा सकी। चुनाव में नौ सीटों पर उतरी कांग्रेस केवल किशनगंज में जदयू प्रत्याशी के खिलाफ बढ़त बनाये हुय है। इसी तरह रालोसपा ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे लेकिन वे एक भी सीट नहीं बचा सके। वहीं हम और वीआईपी भी अपनी तीन-तीन सीटें गंवा चुकी हैं। 
बेगूसराय में भाजपा उम्मीदवार एवं केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कन्हैया कुमार से 422217, दरभंगा में भाजपा के गोपालजी ठाकुर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अब्दुलबारी सिद्दीकी से 267979, सारण से भाजपा के राजीव प्रताप रूडी राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका राय से लगभग 136531, पश्चिम चंपारण से भाजपा के डॉ। संजय जायसवाल रालोसपा के ब्रिजेश कुशवाहा से 293906, उजियारपुर से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं निवर्तमान सांसद नित्यानंद राय रालोसपा के उपेंद्र कुशवाहा से 277278 एवं सासाराम से भाजपा के छेदी पासवान कांग्रेस प्रत्याशी एवं लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार से करीब 165745 मतों के अंतर से जीत गये हैं।

Desk Team