TOP – 5 NEWS 27 FEBRUARY : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना के 256 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। यह फरवरी महीने में एक दिन में सबसे अधिक ज्यादा मामले आने का रिकॉर्ड है।

1 – सुप्रीम कोर्ट : जीवनसाथी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना मानसिक क्रूरता के समान
शुक्रवार को एक सैन्य अधिकारी का उसकी पत्नी से तलाक मंजूर करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जीवनसाथी के खिलाफ मानहानिकारक शिकायतें करना और उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना मानसिक क्रूरता के समान है। न्यायमूर्ति एस के कौल के नेतृत्व वाली पीठ ने कहा कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने टूटे हुए संबंध को मध्यमवर्गीय वैवाहिक जीवन की सामान्य टूट-फूट करार देकर अपने निर्णय में त्रुटि की। पीठ ने कहा,‘यह निश्चित तौर पर प्रतिवादी द्वारा अपीलकर्ता के खिलाफ क्रूरता का मामला है और उच्च न्यायालय के फैसले को दरकिनार करने तथा परिवार अदालत के फैसले को बहाल करने के लिए पर्याप्त औचित्य पाया गया है।’ 
2 – कोहरे को वजह बता रेलवे रद्द कर रहा ट्रेनें, यात्रियों की परेशानी बढ़ी
गर्मी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, बिहार की राजधानी पटना समेत राज्यभर में कहीं भी कोहरे की स्थिति नहीं बन रही है। लेकिन रेलवे बोर्ड के अधिकारियों को अब भी कोहरा ट्रेनों के परिचालन में बाधा डाल रहा है। इसी तर्क के सहारे पूर्व मध्य रेलवे पटना समेत जोन के अलग-अलग स्टेशनों से आने-जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द कर दिया है। इन ट्रेनों के रद्द होने से पूर्व में आरक्षण करा चुके यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। पूर्व मध्य रेल ने पांच जोड़ी ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में निरस्त किया है, जबकि दो जोड़ी ट्रेनों को एक अप्रैल तक के लिए पूरी तरह निरस्त कर दिया है। पूर्व मध्य रेल के मुख्य यात्री परिचालन प्रबंधक ने इसकी सूचना निकाल दी है। खास बात यह है कि जिन ट्रेनों को रद्द किए जाने की घोषणा हुई है, उनमें सभी महत्वपूर्ण ट्रेनें हैं, जिनमें खासकर पटना से नई दिल्ली जाने वाली संपूर्ण क्रांति, पाटलिपुत्र से आने-जाने वाली कामाख्या आनंद विहार एक्सप्रेस शामिल हैं। 
3 – पीएम मोदी आज करेंगे डिजिटल टॉय फेयर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी यानी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय खिलौनों के एक वर्चुअल मेले का उद्घाटन करेंगे। चार दिवसीय मेले का उद्देश्य भारत के खिलौना उद्योग को बढ़ावा देना है, जिससे सभी हितधारकों को स्थायी संपर्क बनाने के लिए एक स्थान पर लाया जा सके। पीएमओ ने अपनी एक प्रेस रिलीज में कहा, “खिलौने एक बच्चे के दिमाग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बच्चों में साइकोमोटर और संज्ञानात्मक कौशल को बेहतर बनाने में भी मदद करते हैं। अगस्त 2020 में अपने मन की बात संबोधन में, प्रधान मंत्री ने कहा था कि खिलौने न केवल गतिविधि में वृद्धि करते हैं, बल्कि आकांक्षाओं की उड़ान के लिए भी जरूरी है।”
4 – कोरोना वायरस : 35 दिन के सबसे टॉप लेवल पर पहुंचा कोविड-19
शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना के 256 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। यह फरवरी महीने में एक दिन में सबसे अधिक ज्यादा मामले आने का रिकॉर्ड है। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में 256 नए मामले सामने आए और 193 मरीजों को छुट्टी दी गई, जबकि एक मरीज ने दम तोड़ दिया। दिल्ली में कोरोना संक्रमित का आंकड़ा बढ़कर 6,38,849 हो गया है। इनमें से 6,26,712 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,906 मरीजों ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया है। दिल्ली में कोरोना से मृत्युदर 1.71 फीसदी हैं। दिल्ली में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर 1231 हो गई है। इनमें से दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में 400 मरीज भर्ती हैं।
5 – Switzerland : जानलेवा हुई कोविड-19 वैक्सीन, टीका लगाने के बाद 16 की मौत
स्विट्जरलैंड में कोरोना वायरस (कोविड-19) से सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगाए गए टीके के बाद कम से कम 16 लोगों की मौत हुई है।  चिकित्सकीय उत्पादों की एजेंसी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एजेंसी ने कहा कि हमें दवा की संदिग्ध प्रतिकूल प्रतिक्रियाओं के 364 मामलों की जानकारी मिली है, जिनमें से 199 फाइजर तथा बायोएनटेक तथा 154 मामले मोडर्ना की दवा से संबंधित हैं।

Desk Team