कर्नाटक में 16 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है। कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र ने यह जानकारी दी है। इस बीच, उत्तर कन्नड़ जिले की उपायुक्त लक्ष्मीप्रिया ने भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट का हवाला देते हुए सोमवार को कारवार, अंकोला, कुमता, होन्नावर, भटकल, सिरसी, सिद्धपुर, येल्लापुर, दांडेली और जोइदा तालुकाओं में सभी स्कूलों और पीयू (प्री-यूनिवर्सिटी) कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। ‘रेड अलर्ट’ के तहत 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना रहती है। आईएमडी के अनुसार, उत्तर कन्नड़ के कैसल रॉक में रविवार को सबसे अधिक 220 मिलीमीटर बारिश हुई।
- कर्नाटक में 16 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है
- कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र ने यह जानकारी दी है
- सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी है
मौसम विभाग ने दी भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर कन्नड़ जिले में 14 जुलाई को एक बजे से 16 जुलाई रात आठ बजकर 30 मिनट तक भारी बारिश की चेतावनी और रेड अलर्ट जारी किया है।
KSNDMC ने बताया कि कर्नाटक में जोरदार मानसून की यह स्थिति महाराष्ट्र-उत्तरी केरल तट के साथ मौजूदा अपतटीय द्रोणिका के साथ-साथ तटीय आंध्र प्रदेश से दूर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती परिसंचरण के कारण है जिससे कर्नाटक में अधिक नमी आ रही है। तटीय कर्नाटक, मलनाड जिलों और आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 16 जुलाई तक बारिश की संभावना है।
छह बांधों के लिए जल प्रवाह पूर्वानुमान जारी
मौसम विशेषज्ञों ने पूर्वानुमान जताया है कि आने वाले सप्ताह में राज्य में कावेरी और कृष्णा बेसिन पर बने बांधों में भारी मात्रा में पानी आने की संभावना है। केंद्रीय जल आयोग ने कर्नाटक के छह बांधों और बैराजों के लिए जल प्रवाह पूर्वानुमान जारी किया है, जहां जल प्रवाह निर्दिष्ट सीमा के बराबर या उससे अधिक है। कबीनी जलाशय में जलस्तर भंडारण क्षमता से 85 प्रतिशत से ऊपर जाने के कारण रेड अलर्ट जारी किया गया है। सभी छह बांधों और बैराजों से पानी छोड़ा जा सकता है ताकि निचले इलाकों में बाढ़ और ऊपरी इलाकों में जलभराव से बचा जा सके। मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



