श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकवादी हमले में शहीद सीआरपीएफ के पांच जवानों को गुरुवार को बड़गाम जिले के एसटीसी ट्रेनिंग सेंटर में श्रद्धांजलि देते समय माहौल काफी भावनात्मक हो गया।
राज्यपाल सत्य पाल मलिक के सलाहकार के. विजय कुमार, सेना, प्रशासन, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के शीर्ष अधिकारियों ने इन जांबाजों को श्रद्धांजलि दी। इनमें सीआरपीएफ के दो सहायक निरीक्षक भी शहीद हुए हैं। यह हमला अनंतनाग में केपी रोड़ पर किया गया था। इन जवानों के पार्थिव शरीरों को जब अंतिम संस्कार के लिए विमान के जरिए उनके पैतृक गांवों भेजा जा रहा था तो यहां का माहौल गमगीन हो गया और अधिकारियों तथा जवानों ने अपने इन जांबाजों को अंतिम सैल्यूट किया।
श्री विजय कुमार ने पत्रकारों से कहा कि इस हमले को सुरक्षा चूक का परिणाम नहीं कहा जा सकता है क्योंकि उस समय वहां काफी संख्या में लोग उपस्थित थे और आसपास अनके वाहन भी चल रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों ने इसका तुरंत जवाब दिया और कुछ ही मिनटों में एक आतंकवादी को मार गिराया।
उस हमले में स्थानीय पुलिस थाने के एक एसएचओ और एक लड़की भी घायल हुए थे। हमले में शहीद सुरक्षाकर्मियों की पहचान सहायक उप निरीक्षक नीरू शर्मा और रमेश कुमार तथा कांस्टेबल सतिंदर कुमार, एम के कुशवाहा और महेश कुमार के तौर पर की गयी है।


Download Android App
Download iOS App



